Azamgarh News:विवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय

विवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

आजमगढ़ जनपद के महराजगंज थाना क्षेत्र के महुवीं खास गांव में शुक्रवार की सुबह 27 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान शिवांगी सिंह, पत्नी राहुल सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मायके और ससुराल पक्ष में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

मृतका के पिता विनोद कुमार सिंह के अनुसार, सुबह करीब 6:18 बजे उनके समधी वीरेंद्र सिंह ने फोन कर बेटी की मौत की जानकारी दी। इसके बाद वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ महूवीं खास पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

पिता ने ससुराल पक्ष पर बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिवांगी के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मायके और पुलिस को सूचना दिए जाने से पहले ही शव को पंखे से उतारकर बरामदे में रख दिया गया था। साथ ही कमरे को भी व्यवस्थित कर दिया गया था। इन परिस्थितियों को लेकर मायके पक्ष ने घटना पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

परिजनों के मुताबिक शिवांगी का विवाह लगभग दो साल पहले राहुल सिंह के साथ हुआ था। रक्षाबंधन के दौरान वह मायके से विदा होकर ससुराल आई थी। इसके कुछ समय बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर से मायके में मातम पसर गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके का निरीक्षण कर विभिन्न साक्ष्य जुटाए। सीओ सगड़ी देशराज सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली और परिजनों से पूछताछ की।

पुलिस ने शव को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ सगड़ी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button