Azamgarh News:सुदनीपुर में बंद घर का ताला तोड़कर चोरों द्वारा लाखों की चोरी करने से क्षेत्र में मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

सुदनीपुर में बंद घर का ताला तोड़कर चोरों द्वारा लाखों की चोरी करने से क्षेत्र में मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

आजमगढ़ जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र अंतर्गत सुदनीपुर गांव में चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण और सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की जानकारी होने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, सुदनीपुर गांव निवासी मोहित यादव पुत्र नन्नू यादव चंडीगढ़ में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और वर्तमान में परिवार के साथ वहीं रहते हैं। सुदनीपुर स्थित उनका मकान बंद रहता है।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने उनके मकान के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना मोहित यादव के रिश्तेदारों को दी। जानकारी मिलते ही रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और घर के अंदर जाकर देखा तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने घर के तीन कमरों और बक्सों के ताले तोड़कर आभूषण, कपड़े समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल कर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पीड़ित पक्ष से तहरीर प्राप्त की जा रही है। तहरीर और जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button