Azamgarh News:आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या के तीन आरोपी गिरफ्तार, 15 मुकदमों का आरोपी तमंचे संग दबोचा

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय

आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या के तीन आरोपी गिरफ्तार, 15 मुकदमों का आरोपी तमंचे संग दबोचा

आजमगढ़ 6 सितंबर (आरएनएस) जिले में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस ने रविवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए हत्या, किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने और अवैध असलहा रखने के मामलों में वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, पुलिस ने गुम हुए 354 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सुपुर्द किया।

 

नाली में पानी बहाने के विवाद में हत्या, तीन नामजद गिरफ्तार

 

पवई थाना क्षेत्र के चकिया बखरिया गांव में नाली में पानी बहाने को लेकर हुए विवाद में हरिओम पाण्डेय की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक 4 सितंबर को मृतक के पिता वादी वीरेंद्र पाण्डेय ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पूर्व में हुई कहासुनी के बाद यदुवंश मणि त्रिपाठी, रामलाल शर्मा और एक अभियुक्ता ने उनके पुत्र के साथ घर के दरवाजे पर मारपीट की और उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।मामले में थाना पवई पर मुकदमा अपराध संख्या 209/2026, धारा 103(1) और 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने रविवार को तीनों नामजद आरोपियों को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पोल संख्या 187.8 स्थित नसोपुर अंडरपास से करीब 2:52 बजे गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।गिरफ्तार आरोपियों में यदुवंश मणि त्रिपाठी और रामलाल शर्मा निवासी चकिया बखरिया तथा एक अभियुक्ता शामिल है। पुलिस के मुताबिक यदुवंश मणि त्रिपाठी के खिलाफ पूर्व में भी थाना पवई में वर्ष 2012 का एक मुकदमा दर्ज है।

 

15 मुकदमों में आरोपी गौ-तस्कर तमंचे के साथ गिरफ्तार

 

जहानागंज पुलिस ने एक शातिर आरोपी को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मो. तालिब उर्फ तालिव उर्फ छोटू पुत्र फिरोज अहमद, निवासी पिठापुर, थाना अहरौला, उम्र करीब 30 वर्ष है।पुलिस ने उसे जलालपुर हरिजन बस्ती के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस संबंध में थाना जहानागंज में मुकदमा अपराध संख्या 190/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ आजमगढ़, अयोध्या, गोण्डा और प्रतापगढ़ में गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कुल 15 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेजा गया।

 

किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में आरोपी गिरफ्तार

 

रौनापार थाना पुलिस ने किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में वांछित आरोपी अखिलेश यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 5 जुलाई 2026 को पीड़िता के परिजनों ने तहरीर दी थी कि अखिलेश यादव पुत्र रामकुवर यादव उर्फ कुँवर यादव, निवासी देवारा इस्माइलपुर, थाना रौनापार, उनकी किशोरी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया,तहरीर के आधार पर थाना रौनापार में मुकदमा अपराध संख्या 183/2026, धारा 137(2) और 87 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पीड़िता की बरामदगी, मेडिकल परीक्षण और बयान के आधार पर मुकदमे में धारा 64(1), 115(2), 352, 351(3), 324(4) बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 की बढ़ोतरी की गई।पुलिस टीम ने रविवार को आरोपी अखिलेश यादव, उम्र करीब 30 वर्ष, को ग्राम बेलहिया ढाला से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

354 गुम मोबाइल बरामद, स्वामियों को किए गए सुपुर्द

 

आजमगढ़ पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान के तहत रविवार को 354 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 81 लाख रुपये बताई गई है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने रिजर्व पुलिस लाइन आजमगढ़ में बरामद मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सुपुर्द किए।पुलिस के अनुसार फरवरी 2024 से जनपद में गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। मोबाइल धारकों द्वारा सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जाती है, जिसके आधार पर पुलिस मोबाइलों की बरामदगी का प्रयास करती है।पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2026 में अब तक कुल 2,133 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ 7 लाख 75 हजार रुपये है। वहीं फरवरी 2024 से अब तक कुल 5,770 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 13 करोड़ 76 लाख रुपये बताई गई है। बरामद मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सुपुर्द किए जा चुके हैं।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button