आजमगढ़:कच्ची दीवार गिरने से बुजुर्ग महिला की मौत
Azamgarh: Elderly woman dies after a mud wall collapses

अतरौलिया/आजमगढ़: थाना क्षेत्र के बढ़या गांव में बृहस्पतिवार दोपहर कच्ची दीवार गिरने से उसके नीचे दबकर 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बढ़या गांव निवासी रामरति पत्नी स्वर्गीय सोभीराम बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे अपने मकान से कुछ दूरी पर बने अस्थायी स्नानघर में नहाने गई थीं। इसी दौरान पड़ोसी रामप्यारे के कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर रामरति के ऊपर गिर गई। दीवार के मलबे में दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल रामरति को तत्काल निकट स्थित सौ शैय्या अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। रामरति के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। उनके बड़े पुत्र हरिश्चंद्र की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। पुत्र हरिनाथ (47) और राजनाथ (45) तथा पुत्री चंद्रबाला (48) विवाहित हैं।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।



