Azamgarh News:रामनगर कुकरौछी में 1.80 करोड़ रुपये से बनेगा बाढ़ बचाव नियंत्रण केंद्र
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
रामनगर कुकरौछी में 1.80 करोड़ रुपये से बनेगा बाढ़ बचाव नियंत्रण केंद्र
प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने किया शिलान्यास, आपदा के समय राहत-बचाव कार्यों को मिलेगी गति
आजमगढ़ जनपद में बाढ़ और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने के लिए जिले को महत्वपूर्ण सौगात मिली है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की पहल पर सगड़ी तहसील क्षेत्र के ग्राम कुकरौछी में करीब 1.80 करोड़ रुपये की लागत से बाढ़ बचाव नियंत्रण केंद्र का निर्माण कराया जाएगा। सोमवार को प्रदेश के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने केंद्र के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा प्रबंधन को केवल राहत और मुआवजा देने तक सीमित नहीं रख रही है, बल्कि आपदा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए एक मजबूत रिस्पांस सिस्टम तैयार किया जा रहा है। एसडीआरएफ, आधुनिक तकनीक और बाढ़ नियंत्रण व्यवस्थाओं को मजबूत करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की पहल से तैयार की जा रही इस परियोजना का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तैनात राहत एवं बचाव दलों को आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। प्रशासन के अनुसार क्रिटिकल गैप की धनराशि से विकसित होने वाला यह केंद्र बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लिए उपयोगी साबित होगा। अभी आपदा के समय आसपास सरकारी भवन उपलब्ध न होने के कारण राहत टीमों और प्रभावित लोगों को वैकल्पिक स्थानों पर निर्भर रहना पड़ता था।
एनडीआरएफ-एसडीआरएफ टीमों के ठहरने की होगी व्यवस्था
बाढ़ बचाव नियंत्रण केंद्र में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ सहित अन्य राहत एवं बचाव दलों के ठहरने तथा अभियान चलाने की व्यवस्था की जाएगी। केंद्र में चार कमरे, टॉयलेट, डोरमेट्री, किचेन, डाइनिंग हॉल, मीटिंग हॉल और स्टोर रूम का निर्माण कराया जाएगा। राहत सामग्री और आपातकालीन उपकरणों को सुरक्षित रखने के लिए भी पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।केंद्र बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के नजदीक होने से आवश्यकता पड़ने पर राहत दलों की तत्काल तैनाती संभव होगी। इससे बचाव अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में भी मदद मिलेगी।
53.58 लाख से बनेगा आपातकालीन स्वास्थ्य केंद्र
केंद्र परिसर में 53.58 लाख रुपये की लागत से दो कक्षों वाले आपातकालीन स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार केंद्र तथा बाउंड्रीवाल का निर्माण भी कराया जा रहा है। इसमें प्राथमिक उपचार सामग्री रखने के लिए स्टोर और फर्स्ट एड की सुविधा उपलब्ध होगी। आपदा के दौरान घायल अथवा बीमार लोगों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने में यह केंद्र उपयोगी साबित होगा।
मुख्य मार्ग से केंद्र तक बनेगा संपर्क मार्ग
राहत एवं बचाव कार्य के दौरान आपातकालीन वाहनों की आवाजाही सुचारु रखने के लिए मुख्य मार्ग से बाढ़ बचाव केंद्र तक संपर्क मार्ग का निर्माण भी शुरू किया गया है। सड़क की फीलिंग और भूमि को आवश्यक ऊंचाई तक विकसित करने का कार्य कराया जा रहा है। इससे एंबुलेंस, राहत सामग्री, एनडीआरएफ-एसडीआरएफ टीमों और आपातकालीन उपकरणों को केंद्र तक पहुंचाने में सुविधा होगी।
प्रशासन का मानना है कि कुकरौछी में बनने वाला यह केंद्र बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं के समय राहत, बचाव, स्वास्थ्य सेवा और आवश्यक सामग्री की व्यवस्था को एक स्थान पर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
कार्यक्रम में एसएसपी डॉ. अनिल कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह, पूर्व विधायक वंदना सिंह, अरविंद जायसवाल, मनीष मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



