आजमगढ़ में सुबह-सुबह भीषण सड़क हादसा:पेड़ से टकराकर पलटी कार, तीन की मौत,आधा दर्जन गंभीर
Horrific road accident in Azamgarh early in the morning: Car overturned after hitting a tree, three dead, half a dozen serious

आजमगढ़ 15 सितंबर : फूलपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया।फूलपुर क्षेत्राधिकारी किरण पाल सिंह के अनुसार, पंजाब नंबर की स्विफ्ट कार में नौ लोग सवार होकर फूलपुर से सरायमीर की ओर जा रहे थे। बताया गया कि सभी ने गणेश प्रतिमा स्थापित की थी और राजभर पंडाल में शामिल थे। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे जगदीशपुर के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई और पलट गई।हादसे में सत्यम मोदनवाल (20), पुत्र रामवेश और निखिल गुप्ता (17), पुत्र रामफेर गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं लकी सोनकर (19), पुत्र अनिल सोनकर ने फूलपुर अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।घायलों में अंश सोनकर (17), पुत्र लालचंद सोनकर, अनमोल मोदनवाल (18), पुत्र नीरज मोदनवाल, किशन मोदनवाल (20), पुत्र पंकज मोदनवाल, सक्षम बरनवाल (17), पुत्र त्रिभुवन बरनवाल, अनुराग पांडेय, पुत्र सुनील पांडेय और शगुन उर्फ कौस्तुभ पांडेय, पुत्र कमलदेव पांडेय शामिल हैं।सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी किरण पाल सिंह और फूलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।



