Azamgarh news :मण्डलीय पोल्ट्री कॉनक्लेव/कुक्कुट निवेश सम्मेलन का मण्डलायुक्त ने किया भव्य शुभारम्भ

मण्डलीय पोल्ट्री कॉनक्लेव/कुक्कुट निवेश सम्मेलन का मण्डलायुक्त ने किया भव्य शुभारम्भ

पोल्ट्री क्षेत्र के विकास एवं उद्यमियों को प्रोत्साहन देने पर जोर, आधुनिक एवं वैज्ञानिक पोल्ट्री प्रबंधन की दी गई जानकारी

पोल्ट्री किसानों एवं उद्यमियों को एक ही मंच पर विशेषज्ञों का मिला मार्गदर्शन

पोल्ट्री क्षेत्र में निवेश, स्वरोजगार एवं रोजगार सृजन को बढ़ावा देने की दिशा में की गई महत्वपूर्ण पहल

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पशुपालन विभाग की ओर से संचालित मंडलीय पोल्ट्री कॉनक्लेव/कुक्कुट निवेश सम्मेलन का भव्य आयोजन मंडलायुक्त विवेक (आईएएस) की अध्यक्षता में मंडलायुक्त सभागार, आजमगढ़ में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आजमगढ़ मंडल में पोल्ट्री क्षेत्र को बढ़ावा देना, आधुनिक एवं वैज्ञानिक पोल्ट्री प्रबंधन के प्रति किसानों एवं उद्यमियों को जागरूक करना, पोल्ट्री फार्मर्स एवं उद्यमियों की समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान की दिशा में पहल करना तथा पोल्ट्री क्षेत्र में निवेश एवं रोजगार की संभावनाओं को प्रोत्साहित करना रहा।

मंडलायुक्त विवेक ने पोल्ट्री क्षेत्र को ग्रामीण अर्थव्यवस्था, स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ते हुए पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पोल्ट्री उद्यमियों को विभागीय योजनाओं, तकनीकी मार्गदर्शन एवं अन्य आवश्यक सहयोग समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि पोल्ट्री क्षेत्र में आधुनिक तकनीक एवं वैज्ञानिक प्रबंधन को अपनाकर उत्पादन एवं आय में वृद्धि की व्यापक संभावनाएं हैं। विभागीय अधिकारी उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें तथा शासन द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकाधिक लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाएं।

अपर निदेशक ग्रेड-2, पशुपालन विभाग, आजमगढ़ मंडल, डॉ. के.पी. सिंह ने मंडल के विभिन्न जनपदों से आए पोल्ट्री किसानों एवं उद्यमियों का स्वागत करते हुए सम्मेलन के उद्देश्यों एवं पोल्ट्री क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी दी। सम्मेलन में पोल्ट्री उद्यमियों को बैंक ऋण, वित्तीय सहायता, कुक्कुट विकास नीति-2022, वैज्ञानिक एवं आधुनिक पोल्ट्री प्रबंधन, विभागीय योजनाओं तथा पोल्ट्री क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों द्वारा पोल्ट्री फार्म की स्थापना, प्रबंधन, उत्पादन क्षमता बढ़ाने, रोग नियंत्रण एवं बेहतर प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में डॉ. अश्विनी तिवारी, संयुक्त निदेशक पोल्ट्री, लखनऊ एवं डॉ. बृजेश कुमार त्रिपाठी, उप निदेशक पोल्ट्री, लखनऊ ने प्रतिभाग करते हुए पोल्ट्री फार्मर्स एवं उद्यमियों को पोल्ट्री फार्मिंग से संबंधित महत्वपूर्ण तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। साथ ही सफल पोल्ट्री उद्यमियों को अपने अनुभव साझा करने का अवसर दिया गया।

इस अवसर पर आजमगढ़ जिले को प्रदेश में पोल्ट्री उद्योग को बढ़ावा देने के क्षेत्र में पांचवां स्थान प्राप्त होने की जानकारी भी दी गई। सम्मेलन में जनपद आजमगढ़ के विकासखंड पवई के अतुल लेयर फार्म के अतुल प्रताप सिंह ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि पोल्ट्री व्यवसाय के माध्यम से वर्तमान में उनके प्रतिष्ठान का लगभग 5 करोड़ रुपये वार्षिक टर्नओवर है तथा प्रतिदिन लगभग 50,000 अंडों का उत्पादन किया जा रहा है। उन्होंने पोल्ट्री व्यवसाय में आधुनिक प्रबंधन एवं निरंतर प्रयासों से प्राप्त उपलब्धियों की जानकारी अन्य उद्यमियों के साथ साझा की।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश गुप्ता ने शासन की मंशा के अनुरूप पोल्ट्री उद्यमियों को आश्वस्त किया कि ऑनलाइन आवेदन एवं बैंक की सहमति पत्र जारी होने के उपरांत नियमानुसार 45 दिवस के अंदर लेटर ऑफ कंफर्ट जारी कराने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने उद्यमियों से विभागीय योजनाओं का लाभ उठाते हुए पोल्ट्री क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

सम्मेलन के दौरान पोल्ट्री क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले उद्यमियों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। जनपद आजमगढ़ से अतुल लेयर फार्म के अतुल प्रताप सिंह (पवई), रॉयल एग्रो के भूपेंद्र वीर सिंह (कोयलसा), दिनेश कुमार सिंह (लेयर फार्म, मेहनगर), नंदलाल राजभर (पल्हनी), राजेश सिंह (साई लेयर फार्म, पल्हना) तथा राजवीर सिंह (मेहनगर) को सम्मानित किया गया। जनपद बलिया से श्रियान पोल्ट्री फार्म एवं विजय लेयर पोल्ट्री फार्म के उद्यमियों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, मऊ डॉ. सी.पी. सिंह कुशवाहा, बलिया डॉ. विजय गुप्ता, डॉ. बी.पी. पाठक, जे.डी. गायनेकोलॉजी सहित मंडल के समस्त उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पोल्ट्री किसान एवं उद्यमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. मोनिका शर्मा, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा स्वास्थ्य द्वारा किया गया।

मंडल स्तरीय पोल्ट्री कॉनक्लेव के माध्यम से पोल्ट्री किसानों एवं उद्यमियों को एक ही मंच पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन, वित्तीय सहायता एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराते हुए पोल्ट्री क्षेत्र में निवेश, स्वरोजगार एवं रोजगार सृजन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button