Jabalpur news:गुप्तेश्वर के पास सड़क किनारे मिला पुताई मजदूर का शव
प्रदीप उर्फ राजू यादव की मौत, सड़क हादसे की आशंका
जबलपुर के गुप्तेश्वर क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एमजीएम से स्कूल की ओर जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची गोरखपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान रामपुर छापर निवासी प्रदीप उर्फ राजू यादव के रूप में हुई है, जो पुताई का काम करता था। प्रारंभिक जानकारी में उसकी मौत सड़क हादसे में होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हादसा कैसे हुआ और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर मर्ग कायम किया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है, जिसके बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



