आजमगढ़ में दो घरों में लाखों की चोरी, 73 हजार नकदी समेत 12 लाख से अधिक के जेवरात पार
Lakhs of rupees stolen from two houses in Azamgarh, jewellery worth more than 12 lakhs including 73 thousand cash stolen
आजमगढ़। कप्तानगंज और अतरौलिया थाना क्षेत्र की सीमा के पास स्थित किरतूपुर और ईश्वरपुर पवनी गांव में बुधवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। किरतूपुर में चोर 73 हजार रुपये नकदी समेत करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। वहीं, ईश्वरपुर पवनी गांव में एक घर से दो लाख रुपये से अधिक कीमत के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इसके अलावा चोरों ने एक अन्य मकान का ताला तोड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन सफल नहीं हुए।किरतूपुर गांव निवासी बसंत मोदीवाल की पत्नी का हाल ही में निधन हुआ था। गुरुवार को उनके घर में तेरहवीं की तैयारी चल रही थी। इसी बीच बुधवार रात चोर शटर का ताला तोड़कर घर में घुस गए। चोरों ने घर में रखे करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 73 हजार रुपये नकदी चोरी कर ली। इसके बाद चोरों ने पड़ोसी श्रीप्रकाश राय के बंद मकान का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके।इसी रात करीब एक किलोमीटर दूर ईश्वरपुर पवनी गांव निवासी जसराल प्रजापति के घर में भी चोरी की वारदात हुई। चोर घर में रखे बक्सों के ताले तोड़कर दो लाख रुपये से अधिक कीमत के जेवरात चोरी कर ले गए। दोनों घटनाओं की जानकारी गुरुवार सुबह हुई, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।दोनों घटनास्थल कप्तानगंज और अतरौलिया थाना क्षेत्र की सीमा के पास स्थित हैं। चोरी की सूचना मिलने पर दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर तक घटनास्थल के थाना क्षेत्र को लेकर स्थिति स्पष्ट करने के लिए पुलिसकर्मियों के बीच चर्चा हुई। बाद में कप्तानगंज पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू की।कप्तानगंज थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि चोरी के मामलों में तहरीर मिली है। पुलिस घटनाओं की जांच कर रही है।



