Azamgarh News:मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर एसडीएम ने की बैठक, व्यापक अभियान चलाने पर जोर*
*मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर एसडीएम ने की बैठक, व्यापक अभियान चलाने पर जोर*
बरदह आजमगढ़ विधानसभा क्षेत्र 351 लालगंज में मतदाता सूची पुनरीक्षण एवं निर्वाचन संबंधी कार्यों को लेकर शुक्रवार को लालगंज तहसील सभागार में एसडीएम नेहा मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, बीएलओ, सुपरवाइजरों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) ने भाग लिया।बैठक में नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए फॉर्म-6 भरवाने, मतदाता सूची में महिला-पुरुष अनुपात में सुधार करने,18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं का पंजीकरण कराने तथा बीएलओ और बीएलए के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा की गई। इसके साथ ही मतदाता सूची से संबंधित आपत्तियों के निस्तारण और घर-घर जाकर फॉर्म एकत्र करने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।एसडीएम नेहा मिश्रा ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों,कर्मचारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की सहभागिता जरूरी है। इसके लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने तथा आवश्यक संशोधन कराने के प्रति जागरूक किया जाएगा।उन्होंने कहा कि बीएलओ घर-घर जाकर लोगों को मतदाता सूची से संबंधित जानकारी दें और पात्र युवाओं के फॉर्म भरवाने के साथ लंबित प्रकरणों के निस्तारण पर विशेष ध्यान दें। बीएलओ और बीएलए के बीच आपसी समन्वय बनाए रखते हुए कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।इस अवसर पर तहसीलदार शिव प्रकाश सरोज,तहसीलदार न्यायिक विवेकानंद दुबे,नायब तहसीलदार कनक सिंह,खंड विकास अधिकारी विनीत यादव,खंड शिक्षा अधिकारी तरवां,सप्लाई इंस्पेक्टर सहित आदि लोग उपस्थित रहे ।



