Azamgarh News:केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने की स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा

आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय

केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने की स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा

एचपीवी टीकाकरण में लक्ष्य से अधिक उपलब्धि पर संतोष, टेली-मानस को प्रभावी बनाने एवं टीबी मरीजों तक पोषण सहयोग बढ़ाने पर जोर

आजमगढ़। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने सर्किट हाउस में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा से जनपद में संचालित हो रही प्रमुख स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रगति के संबध में जानकारी प्राप्त की । इस दौरान उन्होंने एचपीवी टीकाकरण, टेली-मानस, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम, निक्षय मित्र अभियान तथा टेली-कंसल्टेशन सेवाओं की जानकारी लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने तथा योजनाओं का लाभ जनसामान्य तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक में उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आलेन्द कुमार एवं डॉ. अविनाश झा उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान एचपीवी टीकाकरण अभियान में निर्धारित लक्ष्य से अधिक उपलब्धि प्राप्त होने पर मंत्री ने संतोष व्यक्त किया। जनपद को 17 सितंबर तक 59,829 टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके सापेक्ष 59,841 टीके लगाए गए। इसके उपरांत 541 अतिरिक्त टीकाकरण भी किए गए। मंत्री ने अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों में भी इसी प्रकार लक्ष्य आधारित कार्ययोजना, नियमित निगरानी एवं प्रभावी क्रियान्वयन बनाए रखने पर बल दिया।
उन्होंने टेली-मानस कार्यक्रम की जानकारी प्राप्त करते हुए मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया । युवाओं एवं स्कूली बच्चों में मानसिक तनाव, अवसाद तथा नशे की बढ़ती प्रवृत्ति की रोकथाम के लिए विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने और आवश्यकता के अनुसार काउंसिलिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी निर्देशित किया साथ ही मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर प्रभावित व्यक्तियों को उचित परामर्श एवं सहायता उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई ।
उन्होंने राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत मलिन बस्तियों एवं घनी आबादी वाले क्षेत्रों में टीबी की सघन जांच कराने तथा मरीजों को उपचार के साथ पर्याप्त पोषण सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। मंत्री ने टीबी मरीजों तक पोषण पोटली की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने और इसकी पहुंच का विस्तार करने की आवश्यकता बताई, ताकि मरीजों के पोषण स्तर में सुधार के साथ उपचार की निरंतरता को प्रोत्साहित किया जा सके। निक्षय मित्र अभियान के विस्तार के लिए युवाओं, एनसीसी कैडेट्स, स्वयंसेवी संगठनों, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन तथा टीबी से स्वस्थ हो चुके व्यक्तियों की सहभागिता बढ़ाने पर भी बल दिया , जिससे मरीजों को पोषण, जांच एवं उपचार संबंधी सहयोग मिल सके।
माननीया मंत्री जी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टेली-कंसल्टेशन सेवाओं की स्थिति की भी समीक्षा की । कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स के माध्यम से मरीजों को जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श उपलब्ध कराने की व्यवस्था को सक्रिय एवं प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया साथ ही, स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध सेवाओं की नियमित निगरानी तथा आमजन को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने जनपद में संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति को बनाए रखते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति, सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button