Azamgarh news :दिव्यता एवं भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह, 536 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ
दिव्यता एवं भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह, 536 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने प्रति जोड़ा सहायता राशि ₹51 हजार से बढ़ाकर ₹1 लाख की — 534 जोड़ों का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह एवं 02 मुस्लिम जोड़ों का निकाह सम्पन्न
डीएम रविन्द्र कुमार, सीडीओ राकेश कुमार पटेल सहित जनपदीय अधिकारियों ने नवदम्पत्तियों को दिया आशीर्वाद एवं उपहार
सामूहिक विवाह का द्वितीय चरण 16 अक्टूबर को होगा आयोजित, पात्र लाभार्थी पोर्टल पर करें ऑनलाइन आवेदन
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रेरणा से प्रदेश सरकार की अति महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद आजमगढ़ में सोमवार को दिव्यता, भव्यता एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया।
सावित्री बाई फुले राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, आजमगढ़ में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल की गरिमामयी उपस्थिति में ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के कुल 536 नवदम्पत्तियों का विवाह सम्पन्न कराया गया। इनमें 534 हिन्दू जोड़ों का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक विवाह सम्पन्न हुआ, जबकि 02 मुस्लिम जोड़ों का निकाह धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार कराया गया।
समारोह में नवदम्पत्तियों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर जीवन की नई पारी की शुरुआत की। कार्यक्रम में डीएम , सीडीओ सहित उपस्थित अधिकारियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखमय, समृद्ध एवं खुशहाल दाम्पत्य जीवन की कामना की। शासन की ओर से आर्थिक सहायता एवं उपहार सामग्री उपलब्ध कराकर पात्र परिवारों को बेटियों के विवाह के अवसर पर सहयोग प्रदान किया गया।
प्रति जोड़ा एक लाख रुपये की सहायता, गरीब परिवारों को मिला संबल
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल गृहस्थ जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं पात्र परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा है। योजना के माध्यम से बेटियों के विवाह को सम्मानजनक ढंग से सम्पन्न कराने के साथ ही परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रति जोड़ा कुल एक लाख रुपये की सहायता राशि एवं आयोजन व्यय की व्यवस्था की गई है। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के दाम्पत्य जीवन की खुशहाली एवं गृहस्थी की स्थापना के लिए उसके खाते में अंतरित किए जाते हैं। इसके अतिरिक्त 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री प्रति जोड़ा उपलब्ध कराई जाती है। वहीं, भोजन, पण्डाल, फर्नीचर, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सहित आयोजन की अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर 15 हजार रुपये प्रति जोड़ा व्यय किया जाता है। उन्होंने बताया कि पूर्व में योजना के अंतर्गत प्रति जोड़ा 51 हजार रुपये की व्यवस्था थी, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में बढ़ाकर एक लाख रुपये किया गया है। इससे पात्र लाभार्थियों को आर्थिक सहायता के साथ विवाह समारोह को गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने में सहयोग मिल रहा है।
11 विकास खण्डों एवं 08 नगरीय निकायों के लाभार्थियों का हुआ विवाह
जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के प्रथम चरण के अंतर्गत 12 अक्टूबर को आयोजित समारोह में कुल 536 जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराया गया। इसके लिए जनपद के 11 विकास खण्डों एवं 08 नगरीय क्षेत्रों से पात्र लाभार्थियों के आवेदन प्राप्त हुए थे। ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत महराजगंज, हरैया, बिलरियागंज, अजमतगढ़, कोयलसा, अतरौलिया, सठियांव, जहानागंज, पल्हनी, रानी की सराय एवं मोहम्मदपुर विकास खण्डों के लाभार्थी शामिल हुए। नगरीय क्षेत्र के अंतर्गत नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत अतरौलिया, बिलरियागंज, बूढ़नपुर, महराजगंज, आजमगढ़, अजमतगढ़ एवं जीयनपुर से आवेदन प्राप्त हुए थे।
उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग प्रदान करना तथा सामाजिक समरसता, समानता एवं सामूहिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा देना है। सामूहिक विवाह के माध्यम से विभिन्न समुदायों के पात्र जोड़ों को सम्मानजनक वातावरण में विवाह का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है।
सामूहिक विवाह सामाजिक समरसता एवं समानता का प्रतीक : सीडीओ
मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने नवदम्पत्तियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विवाह अथवा पाणिग्रहण संस्कार जीवन का एक पवित्र बंधन है। पति-पत्नी एक-दूसरे के प्रति समर्पण, विश्वास एवं सहयोग की भावना के साथ पारिवारिक जीवन की शुरुआत करते हैं तथा समाज एवं राष्ट्र के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना केवल विवाह सम्पन्न कराने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह सामाजिक समरसता, समानता एवं सामूहिक सहभागिता का प्रतीक भी है। इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग मिलता है और बेटियों के विवाह को सम्मानजनक स्वरूप प्रदान किया जाता है।
मुख्य विकास अधिकारी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे आपसी प्रेम, विश्वास, सम्मान एवं सहयोग के साथ अपने दाम्पत्य जीवन को आगे बढ़ाएं तथा पारिवारिक एवं सामाजिक उत्तरदायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें। उन्होंने सभी नवदम्पत्तियों के सुखमय, समृद्ध एवं मंगलमय भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री के प्रति नवदम्पत्तियों ने जताया आभार
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित समारोह में नवदम्पत्तियों एवं उनके परिजनों में उत्साह का माहौल रहा। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सम्पन्न हुए विवाह संस्कारों तथा मुस्लिम जोड़ों के निकाह के साथ सभी 536 जोड़ों ने अपने नए जीवन की शुरुआत की। सरकार की ओर से आर्थिक सहायता, उपहार सामग्री एवं व्यवस्थित आयोजन की सुविधा मिलने पर लाभार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। नवदम्पत्तियों एवं उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजना से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेटियों के विवाह के अवसर पर महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है।
द्वितीय चरण का सामूहिक विवाह 16 अक्टूबर को, पात्र लाभार्थी करें ऑनलाइन आवेदन
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने जनपद के पात्र लाभार्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित होने वाले द्वितीय चरण के सामूहिक विवाह कार्यक्रम, दिनांक 16 अक्टूबर 2026, के लिए इच्छुक पात्र वर-वधू समय से आवेदन करें।
उन्होंने बताया कि पात्र लाभार्थी योजना के आधिकारिक पोर्टल www.cmsvy.upsdc.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों तक योजना की जानकारी पहुंचाने तथा आवश्यक प्रक्रियाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने पर जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवार योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
जनपदीय अधिकारियों ने नवदम्पत्तियों को दिया आशीर्वाद
समारोह में उप जिलाधिकारी सदर अविनाश गौतम, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी हेमन्त सिंह, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी शांत प्रकाश श्रीवास्तव, जिला युवा कल्याण अधिकारी सुल्तान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं खण्ड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
सभी अधिकारियों ने नवदम्पत्तियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखी, समृद्ध एवं मंगलमय दाम्पत्य जीवन की कामना की। अधिकारियों की उपस्थिति में समारोह उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।



