जबलपुर में मॉडिफाइड डीजे धमाल गाड़ियों पर कैंट पुलिस की कार्रवाई, साउंड बॉक्स निकलवाए
दुर्गा उत्सव में मॉडिफाइड डीजे गाड़ियों पर कैंट पुलिस का शिकंजा
जबलपुर। दुर्गा उत्सव के दौरान तेज आवाज और नियमों के विपरीत मॉडिफाइड डीजे धमाल गाड़ियों के संचालन पर रोक लगाने के निर्देशों के तहत कैंट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र पटेल के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को एमपी 49 जी 0986 नंबर की डीजे धमाल गाड़ी को थाना कैंट लाया गया, जिसमें वाहन मालिक ने मॉडिफिकेशन कर 10 साउंड बॉक्स लगाए थे। पुलिस ने चालक जितेंद्र झरिया, निवासी घड़ी चौक, विजय नगर, जबलपुर के खिलाफ कार्रवाई कर जुर्माना वसूला। इसी तरह गोरा बाजार थाना क्षेत्र की दुर्गा प्रतिमा लेकर जा रही पिकअप गाड़ी क्रमांक एमपी 20 एक्सडी 5806 को भी रात करीब 2 बजे थाना कैंट लाकर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई और वाहन में लगे साउंड बॉक्स निकलवाए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार बेस और अतिरिक्त साउंड बॉक्स लगाकर मॉडिफाइड की गई डीजे गाड़ियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



