Azamgarh News:संदिग्ध परिस्थितियों में करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय
संदिग्ध परिस्थितियों में करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
ड्यूटी के बाद कमरे में आराम करने गया था युवक, बुधवार सुबह मिली मौत की सूचना; परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना अंतर्गत गागेपुर गांव निवासी 30 वर्षीय सुशील कुमार राय की संदिग्ध परिस्थितियों में करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। वह शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित दीप कॉन्टिनेंटल में कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सुशील कुमार राय पुत्र स्व. रामजस राय उर्फ हुब्बा राय को होटल मैनेजमेंट की ओर से बागेश्वर नगर मोहल्ले स्थित सिटी मैरेज हॉल में रहने के लिए कमरा उपलब्ध कराया गया था। मंगलवार की शाम ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह अपने कमरे में आराम करने चले गए। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में करंट की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। बुधवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बताया जाता है कि मृतक के हाथ करंट से झुलसे हुए थे।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। परिजनों द्वारा थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।
सुशील कुमार राय चार भाइयों और दो बहनों में चौथे नंबर पर थे। उनकी शादी लगभग दो वर्ष पूर्व हुई थी, लेकिन बाद में वैवाहिक संबंध विच्छेद हो गया था। युवक की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
जिस युवक के परिवार को उससे भविष्य की उम्मीदें थीं, उसकी अचानक मौत की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया। गागेपुर गांव सहित आसपास के क्षेत्र में इस घटना को लेकर शोक का माहौल है। फिलहाल, युवक की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है और पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।



