Azamgarh News:अंजुआ पेट्रोल पंप के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल, ग्रामीणों ने किया हंगामा

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
अंजुआ पेट्रोल पंप के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल, ग्रामीणों ने किया हंगामा
आजमगढ़ जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र अंतर्गत रामगढ़ बाजार–गोसाई मार्ग पर अंजुआ पेट्रोल पंप के पास बुधवार सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली और बस को मौके पर रोक लिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और ग्रामीणों को समझाकर स्थिति संभालने में जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रौनापार थाना क्षेत्र के बातन गांव निवासी प्रमिला देवी पत्नी स्वर्गीय रमेश चंद्र अपनी पुत्री गरिमा के साथ स्कूटी से बाजार गोसाई आई थीं। इसी दौरान स्कूटी में पेट्रोल खत्म हो गया। इसके बाद मां-बेटी स्कूटी लेकर पैदल ही अंजुआ स्थित पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने जा रही थीं। इसी दौरान शिवपाल बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली के वहां से गुजरने के बीच प्रमिला देवी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गईं। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया और ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ बस को भी रोक लिया। सूचना मिलने पर रौनापार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजवाया। इसके बाद पुलिस ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुट गई।
बुधवार सुबह करीब 11 बजे रौनापार थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे ने बताया कि घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। अभी तक पीड़ित परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर प्राप्त होने के बाद मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।



