Azamgarh News:एनएचएम संविदाकर्मियों की हड़ताल पर स्वास्थ्य विभाग सख्त, तीन को नोटिस
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
एनएचएम संविदाकर्मियों की हड़ताल पर स्वास्थ्य विभाग सख्त, तीन को नोटिस
स्वास्थ्य सेवाएं बाधित होने पर अधिकारियों की तय होगी जिम्मेदारी, 15 दिन से अनुपस्थित कर्मियों की मांगी गई सूची
आजमगढ़। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदाकर्मियों की हड़ताल और कार्य बहिष्कार को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने स्वास्थ्य सेवाओं का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, अनुपस्थित पाए गए तीन संविदाकर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा चुका है।
सीएमओ ने बुधवार को ऑनलाइन बैठक के माध्यम से सभी चिकित्सा अधीक्षकों और स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को कर्मचारियों की उपस्थिति पर कड़ी निगरानी रखने तथा अनुपस्थित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर समेत किसी भी स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार, जांच और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं बाधित नहीं होनी चाहिए।
स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे उपलब्ध कर्मचारियों से काम लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखें। साथ ही, यदि कोई कर्मचारी काम करने के लिए तैयार है तो उसे कार्य करने से नहीं रोका जाए। अनुपस्थित कर्मियों को नोटिस जारी करने के साथ की गई कार्रवाई की जानकारी भी उच्चाधिकारियों को उपलब्ध करानी होगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों से कर्मचारियों की उपस्थिति, जारी किए गए नोटिस और विभागीय कार्रवाई का दैनिक विवरण सीएमओ कार्यालय को भेजना अनिवार्य किया है। इसके अलावा, लगातार 15 दिनों से अनुपस्थित चल रहे कर्मचारियों की सूची तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
सीएमओ डॉ. एनआर वर्मा ने कहा कि कर्मचारी अपनी मांगें नियमानुसार उठा सकते हैं, लेकिन इससे आम जनता को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही या अनावश्यक व्यवधान मिलने पर संबंधित अधिकारियों और स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों की जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



