आजमगढ़ में प्रेम प्रसंग का मामला:प्रेमिका से मिलने आए युवक की संदिग्ध मौत, प्रेमिका और दादी हिरासत में
Love affair case in Azamgarh: Suspicious death of a young man who came to meet his girlfriend, girlfriend and grandmother in custody
आजमगढ़ 16 अक्टूबर : मेंहनगर थाना क्षेत्र के सिधारी गांव में प्रेमिका से मिलने आए 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे युवक का शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पुलिस ने युवती और उसकी दादी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।मृतक की पहचान जहानागंज थाना क्षेत्र के धरमपुर गांव निवासी दीपक राम (26) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीपक का सिधारी गांव निवासी एक युवती से इंस्टाग्राम के जरिए प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती बीएससी की छात्रा है और ब्यूटीशियन का कोर्स भी कर रही है। वह तीन बहनों में सबसे छोटी है। उसके पिता रोजगार के सिलसिले में पंजाब में रहते हैं, जबकि वह अपनी दादी के साथ गांव में रहती थी।पुलिस के अनुसार, दीपक बृहस्पतिवार रात अपनी प्रेमिका से मिलने सिधारी गांव आया था। इसके बाद किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। शुक्रवार सुबह शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।पुलिस युवती और उसकी दादी से पूछताछ कर घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। मामले में हत्या, आत्महत्या समेत अन्य संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है मेंहनगर थानाध्यक्ष अभिराज सरोज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।



