Azamgarh News:दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, एसडीएम और सीओ ने किया पैदल भ्रमण

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, एसडीएम और सीओ ने किया पैदल भ्रमण

मूर्ति पंडालों का निरीक्षण कर आयोजकों को दिए निर्देश, शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील

आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना अंतर्गत कस्बा क्षेत्र में दुर्गा पूजा त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में एसडीएम सगड़ी संजीव कुमार राय तथा सीओ सगड़ी देशराज सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को बिलरियागंज थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने अपने पूरे पुलिस बल के साथ कस्बा क्षेत्र में पैदल भ्रमण किया। इस दौरान विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और पूजा समितियों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पैदल भ्रमण बिलरियागंज थाना परिसर से शुरू होकर नया चौक होते हुए पुराना चौक, बिलरियागंज खास बाजार, कासिमगंज और ब्लॉक क्षेत्र तक किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने समस्त दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया तथा आयोजकों से सुरक्षा और व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने पूजा समितियों को निर्देशित किया कि त्योहार के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित नियमों के अनुसार सुनिश्चित की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर एसडीएम सगड़ी संजीव कुमार राय और सीओ सगड़ी देशराज सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा का त्योहार आपसी प्रेम, सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक है। सभी लोगों को मिल-जुलकर त्योहार मनाना चाहिए। किसी भी व्यक्ति को ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए, जिससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो या किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचे।

अधिकारियों ने पूजा समितियों और स्थानीय नागरिकों से अपील की कि पंडालों में शांति व्यवस्था बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति उत्पन्न न होने दें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि कहीं कोई अराजक तत्व दिखाई देता है या कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने का प्रयास करता है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

पैदल भ्रमण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। प्रशासन का उद्देश्य है कि दुर्गा पूजा के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रहे और श्रद्धालु बिना किसी भय या परेशानी के पूजा-अर्चना कर सकें।

इस दौरान बिलरियागंज थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा सहित थाने के पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में आम नागरिकों और पूजा समितियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। सभी के सहयोग से ही क्षेत्र में आपसी सद्भाव और शांति का वातावरण बनाए रखा जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button