Jabalpur news:गरबा आयोजन के दौरान विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल और आयोजन समिति के बीच जमकर विवाद

Jabalpur News: Fierce dispute between Vishwa Hindu Parishad Bajrang Dal and organizing committee during Garba event

जबलपुर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र के जबाली पैलेस स्थित जसूजा सिटी में गरबा आयोजन के दौरान विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल और आयोजन समिति के बीच जमकर विवाद हो गया। घटना के बाद विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल और आयोजन से जुड़े पक्ष ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और अव्यवस्था फैलाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस के मुताबिक, विवाद की सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची थी। मामले में सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर जांच की जा रही है। विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के विभाग सह मंत्री राजेश रैकवार ने आरोप लगाया कि दुर्गा वाहिनी की कुछ महिलाएं रात करीब 11 बजे गरबा आयोजन स्थल पर पहुंची थीं। उन्होंने बाउंसरों से गरबा और प्रवेश व्यवस्था के संबंध में जानकारी मांगी थी। इसी दौरान कुछ लोगों को उनके वहां पहुंचने की जानकारी मिली और उन्होंने महिलाओं के साथ मारपीट व गाली-गलौज की। रैकवार के मुताबिक, उनके दो कार्यकर्ताओं और कुछ महिलाओं को चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज करा रहे हैं। उनका दावा है कि महिलाएं गरबा आयोजन में कथित तौर पर अनैतिक गतिविधियों और आपत्तिजनक गानों की शिकायत की पड़ताल करने गई थीं। वहीं जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष मिश्रा ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने धार्मिक संगठन का नाम लेकर आयोजन में व्यवधान पैदा किया और तोड़फोड़ की। उन्होंने महिलाओं द्वारा चाकू से हमला करने और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया। मिश्रा ने कहा कि आयोजक पुलिस में शिकायत दर्ज करा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई होनी चाहिए। एडिशनल एसपी पल्लवी शुक्ला ने बताया कि रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच विवाद की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो कुछ लोगों ने सड़क रोक रखी थी। पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनी। शुरुआती जानकारी में सामने आया कि कुछ लोग आयोजन स्थल पर कथित आपत्तिजनक गानों और गतिविधियों की जांच करने पहुंचे थे, जिसके बाद आयोजकों से विवाद बढ़कर झूमाझटकी तक पहुंच गया। एएसपी ने बताया कि घटनास्थल पर लगे 10 से 12 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची जा रही है। मोबाइल से बनाए गए वीडियो भी जुटाए जा रहे हैं। घायल लोगों को मेडिकल कराने के लिए कहा गया है। जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गैर हिंदुओं के प्रवेश को लेकर उठी मांग पर उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रवेश संबंधी निर्णय आयोजकों का है, जबकि पुलिस की जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।

 

जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button