जबलपुर में डंपर का कहर! युवक की मौत के बाद थाने के सामने चक्काजाम, परिजनों ने की चालक की गिरफ्तारी की मांग
मदन महल फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा, एक परिवार का बुझा चिराग
जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र के मदन महल फ्लाईओवर की रोटरी पर शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। रॉन्ग साइड से आ रहे डंपर ने स्कूटी सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में अमन केसरवानी (28) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी निखिल बर्मन (22) और अंकित झारिया (17) घायल हो गए। घटना के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
गोल बाजार में ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता था अमन
मृतक की बहन काजल अग्रवाल ने बताया कि उनका भाई गोल बाजार में चार्ट-फुलकी का ठेला लगाकर परिवार का जीवनयापन करता था। रात में वह अपने दोस्तों के साथ किसी से मिलने जा रहा था। इसी दौरान कथित तौर पर लापरवाही से रॉन्ग साइड में आ रहे डंपर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में अमन की जान चली गई। परिवार के लिए यह घटना असहनीय दुख लेकर आई है।
थाने के सामने चक्काजाम, परिजनों का आक्रोश
हादसे के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय लोग थाने के सामने जमा हो गए और चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने फरार डंपर चालक की जल्द गिरफ्तारी, वाहन की पहचान और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। उनका सवाल है कि आखिर किसकी लापरवाही से एक युवक की जान चली गई और जिम्मेदार चालक अब तक पकड़ से बाहर क्यों है?
नो-एंट्री में शहर के भीतर कैसे पहुंचा डंपर?
घटना के बाद नो-एंट्री व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे। परिजनों ने पूछा कि प्रतिबंधित समय में भारी वाहन शहर के भीतर कैसे पहुंचा। मौके पर मौजूद सीएसपी आशीष जैन ने परिजनों से बातचीत कर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, डंपर चालक की तलाश जारी
सीएसपी आशीष जैन ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे नो-एंट्री का समय समाप्त हो चुका था, जबकि प्रतिबंध रात 2 बजे तक था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा डंपर चालक की लापरवाही से हुआ। सीएसपी आशीष जैन ने बताया पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और डंपर सहित चालक की तलाश की जा रही है।
परिजनों को अब कार्रवाई का इंतजार
अमन की मौत के बाद परिवार न्याय और जिम्मेदार चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है। अब सवाल है कि पुलिस फरार डंपर चालक और वाहन की पहचान कितनी जल्दी करती है तथा हादसे की जिम्मेदारी तय करने के लिए क्या कार्रवाई होती है। फिलहाल जांच जारी है और परिजनों की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



