आजमगढ़ में पुलिस का बड़ा एक्शन: अंतर राज्यीय चोर गिरोह के बाद दो सुंदर गिरफ्तार,चार चांदी की पायल बरामद
Major police action in Azamgarh: Two Sundars arrested after inter-state gang of thieves, four silver anklets recovered
आजमगढ़, 17 अक्टूबर:आजमगढ़ पुलिस ने ज्वेलरी की दुकानों में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद चोरी के आभूषण खरीदने वाले दो सोनारों को भी गिरफ्तार किया है। थाना निजामाबाद पुलिस ने शनिवार को मोहम्मदपुर नहर पुलिया के पास से दोनों आरोपियों को पकड़ा। उनके कब्जे से चोरी की चार चांदी की पायल बरामद हुई हैं। पुलिस अब चोरी के आभूषणों की खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों और गिरोह से जुड़ी कड़ियों की जांच कर रही है।पुलिस के अनुसार, बीते 24/25 सितंबर की रात निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा चौक स्थित ओम ज्वेलर्स का शटर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और 60 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए थे। इस मामले में थाना निजामाबाद में मुकदमा संख्या 240/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) और 331(4) में मुकदमा दर्ज किया गया था।घटना के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस ने 16 अक्टूबर को तरवां और निजामाबाद थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से करीब 9.3 किलोग्राम चांदी के आभूषण, अवैध असलहे और कारतूस, चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण तथा चोरी के आभूषण बेचकर मिले पैसे से खरीदी गई बिना नंबर प्लेट की अर्टिगा कार बरामद हुई थी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान चोरी के आभूषण खरीदने वाले सोनारों के नाम सामने आए थे।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में निरीक्षक जयप्रकाश यादव और उपनिरीक्षक चिरांशु मिश्रा की टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी के आभूषण खरीदने वाले दोनों सोनार मोहम्मदपुर नहर पुलिया के पास मौजूद हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से चोरी की चार चांदी की पायल बरामद हुईं। पुलिस ने दोनों को 17 अक्टूबर को सुबह करीब 11:10 बजे हिरासत में लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओम प्रकाश खत्री (46), पुत्र दीनानाथ खत्री, निवासी धुंधी कटरा, थाना कोतवाली शहर, जनपद मिर्जापुर और आशीष सोनी (27), पुत्र सुरेश सोनी, निवासी कोरांव, थाना कोरांव, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई है।
चोरी के आभूषण बेचने के लिए पहले भी किया था संपर्क
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सुनील पुत्र छोटक, निवासी तेन्दुआ खुर्द, थाना लालगंज, जनपद मिर्जापुर उनके यहां चोरी के आभूषण बेचता था। आरोपियों के मुताबिक, करीब 15 दिन पहले भी सुनील ने उन्हें चोरी के आभूषण बेचे थे और वाहन खरीदने के नाम पर अग्रिम धनराशि ली थी। शेष आभूषण देने के लिए उन्हें आजमगढ़ बुलाया गया था, लेकिन यहां पहुंचने पर पता चला कि सुनील जेल जा चुका है।इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) और 317(4) भी मुकदमे में शामिल की हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस चोरी के आभूषणों की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित संलिप्त व्यक्तियों का पता लगाने में जुटी है।इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश यादव, उपनिरीक्षक चिरांशु मिश्रा, कांस्टेबल रवि मौर्य, शाश्वत त्रिपाठी और अभिषेक सिंह शामिल रहे। आजमगढ़ पुलिस का कहना है कि चोरी की घटनाओं का खुलासा करने, आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के विरुद्ध कार्रवाई का अभियान लगातार जारी है।



