Azamgarh News:मिशन शक्ति फेज-6 के तहत बिलरियागंज पुलिस की कार्रवाई, तीन युवक हिरासत में

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

मिशन शक्ति फेज-6 के तहत बिलरियागंज पुलिस की कार्रवाई, तीन युवक हिरासत में

छात्राओं पर अभद्र टिप्पणी और अश्लील इशारे करने का आरोप, एक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के छिहीं गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय के पास मिशन शक्ति फेज-6 के तहत एंटी रोमियो टीम ने तीन युवकों के विरुद्ध कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, विद्यालय आने-जाने वाली छात्राओं पर अभद्र टिप्पणी करने, अश्लील गाने गाने और इशारे करने की शिकायत मिली थी। जांच के दौरान पुलिस ने एक युवक को कथित रूप से अभद्र व्यवहार करते हुए पकड़ा, जबकि दो अन्य युवकों को संदिग्ध परिस्थितियों में विद्यालय के आसपास खड़े मिलने पर हिरासत में लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए युवक की पहचान क्रिश गौड़ (18), निवासी छिछोरी, थाना बिलरियागंज के रूप में हुई। महिला उपनिरीक्षक आकांक्षा पांडेय की तहरीर पर उसके विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 247/26, धारा 296 भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

वहीं, दिलीप (19), निवासी छिछोरी तथा सनी (18), निवासी छिहीं को शांति व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत हिरासत में लिया गया। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए धारा 170/126/135 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत चालान कर एसडीएम सगड़ी के न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया अपनाई।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सगड़ी देशराज सिंह के नेतृत्व में की गई। अभियान में महिला उपनिरीक्षक आकांक्षा पांडेय, महिला कांस्टेबल काजल सिंह और प्रेमलता पांडेय शामिल रहीं।

मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर सार्वजनिक स्थलों तथा विद्यालयों के आसपास निगरानी और जागरूकता अभियान जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button