जबलपुर:बरगी के गांव में जंगली हाथी की चिंघाड़, दहशत में ग्रामीण

खेतों में फसल खाने पहुंचा विशालकाय हाथी, वन विभाग अलर्ट

जबलपुर। बरगी के पिपरिया गांव में रविवार को उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब खेतों के पास अचानक विशाल दांतों वाला जंगली हाथी नजर आया। हाथी की चिंघाड़ सुनकर ग्रामीण सहम गए और लोग अपने घरों में दुबक गए। इस दौरान ग्रामीणों ने छिपकर हाथी का वीडियो बनाया, जिसमें वह खेतों में लगी फसलों और हरियाली को खाते हुए दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव के किनारे जंगल लगा हुआ है और हाथी वहीं से निकलकर आबादी के पास पहुंचा था। कुछ देर तक भोजन की तलाश करने के बाद वह वापस जंगल की ओर चला गया। गांव के 80 वर्षीय नन्हेंलाल भूमिया का कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार गांव के इतने करीब जंगली हाथी देखा है। वहीं, साजन सिंह ने बताया कि इलाके में सियार, गुटरी और कभी-कभार तेंदुआ दिखाई देता है, लेकिन हाथी का आना उनके लिए हैरान करने वाला है। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर पुलिस ने वन विभाग को अलर्ट किया। फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर अपूर्वा प्रखर शर्मा के अनुसार, वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक हाथी जंगल की ओर जा चुका था। फिलहाल वन विभाग की टीम हाथी की तलाश में जुटी है, वहीं गांव में उसकी दोबारा आमद को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है।

 

जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button