Jabalpur news:गढ़ाफाटक महाकाली के पास युवक की मौत, पुलिस पर परिजनों ने लगाए आरोप
थाने में मौत के मामले की न्यायिक जांच, सीएसपी अखिलेश गौर ने दी जानकारी
जबलपुर। गढ़ाफाटक स्थित महाकाली के दर्शन के दौरान पुलिस द्वारा पकड़े गए एक युवक की अस्पताल में मौत के बाद मामला गरमा गया है। मृतक के भाई विवेक चौधरी का आरोप है कि दशहरा देखने के दौरान मोबाइल से वीडियो बनाने पर पुलिस ने उनके भाई को पकड़ा था। जब वे थाने पहुंचे तो पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज और धक्का-मुक्की कर उन्हें भगा दिया तथा सुबह भाई को घर भेजने की बात कही, लेकिन अगली सुबह फोन पर भाई की मौत की सूचना मिली। वहीं, मामले में सीएसपी अखिलेश गौर ने जानकारी देते हुए बताया कि गढ़ाफाटक महाकाली के पास दर्शन के दौरान भीड़ में अभद्रता की सूचना और कुछ संदिग्ध लोगों के दिखाई देने पर समिति के सदस्यों ने एक युवक के बारे में बताया था। सुरक्षा की दृष्टि से युवक को थाने लाया गया, जहां वह प्रारंभिक तौर पर नशे की हालत में दिखाई दे रहा था। कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर पुलिस ने तत्काल एफआरबी के माध्यम से उसे नेशनल हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के साथ वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। सीएसपी अखिलेश गौर के मुताबिक, मामले में न्यायिक जांच के लिए न्यायालय से अनुरोध किया गया, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। उन्होंने थाने में मारपीट के आरोपों पर कहा कि फिलहाल मारपीट का कोई स्पष्ट एंगल सामने नहीं आया है। थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज न्यायिक जांच के दौरान देखी जा सकेगी, जिससे पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट होगी।
बाइट विवेक चौधरी
बाइट सीएसपी अखिलेश गौर
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



