Jabalpur news:जबलपुर में युवक की थाने में मौत पर बवाल, NH-22 पर शव रखकर चक्का जाम

Jabalpur News: Uproar over death of youth in Jabalpur police station, road blockade by placing body on NH-22

जबलपुर:शहपुरा, भिटोनी/जबलपुर: शहपुरा के समीप ग्राम भमकी निवासी आकाश चौधरी, उम्र 28 वर्ष की जबलपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है। शव गांव पहुंचते ही ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-22 पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार आकाश चौधरी अपने दोस्तों के साथ दुर्गा प्रतिमा देखने जबलपुर गया था। परिजनों और साथ गए दोस्तों के अनुसार जबलपुर के गड़ा फाटक क्षेत्र में वे दुर्गा जी की सेल्फी और वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद महिला पुलिस अधिकारी द्वारा उन्हें रोक-टोक की गई और आकाश को लाडगंज, गढ़ा थाना जबलपुर ले जाया गया।

 

परिजनों का आरोप है कि थाने में उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों को इस घटना की सूचना सुबह करीब 4 बजे ग्राम कोटवार के माध्यम से मिली।

 

वहीं साथ गए युवकों का कहना है कि मौके पर किसी तरह की छेड़छाड़ या कोई हादसा नहीं हुआ था, वे सिर्फ फोटो ले रहे थे।

 

दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि युवक दुर्गा पंडाल के पास बदतमीजी और छेड़छाड़ कर रहा था, इसलिए उसे थाने लाया गया था।

 

पोस्टमार्टम के बाद दोपहर में जैसे ही शव गांव धमकी पहुंचा, ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया। ग्रामीणों ने शहपुरा-नरसिंहपुर बायपास, नेशनल हाईवे-22 पर ऑयल प्लांट के सामने शव सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीण दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

 

समाचार लिखे जाने तक हाईवे पर जाम लगा हुआ था और शव सड़क पर ही रखा हुआ था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए शहपुरा पुलिस सहित आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात है।

 

बाइट सावन चौधरी

 

जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button