Jaunpur news:कोतवाली से चंद कदम दूर चाकूबाजी, मूर्ति विसर्जन में डांस को लेकर विवाद
युवक के पेट में धंसी रह गई चाकू, गंभीर हालत में वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर

ब्यूरो प्रमुख जौनपुर
जौनपुर।नगर कोतवाली क्षेत्र में नगर पालिका परिषद के पास मूर्ति विसर्जन के दौरान डांस करने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में कालीकुत्ती निवासी राजेश बिंद उर्फ हीरा गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों के मुताबिक, हमले के बाद चाकू युवक के पेट में ही धंसी रह गई। गंभीर हालत में जिला अस्पताल से उन्हें वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मूर्ति विसर्जन के दौरान कुछ युवक डांस कर रहे थे। इसी बीच डांस करने को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और मारपीट के दौरान चाकूबाजी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान राजेश बिंद उर्फ हीरा पर चाकू से हमला कर दिया गया। अचानक हुई घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।परिजनों का आरोप है कि घटना कोतवाली थाने से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई। विवाद किन लोगों के बीच हुआ और चाकू से हमला करने की वास्तविक वजह क्या थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल, घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।



