आजमगढ़:होनहार कुसुमांजलि की सर्पदंश से मौत,गांव में पसरा मातम
Azamgarh: Promising student Kusumanjali dies of snakebite, mourning spreads in the village
आजमगढ़ (20 अक्टूबर:जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के हठौता गांव में बुधवार सुबह सांप के काटने से 11 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। होनहार बच्ची की असमय मौत से गांव में भी शोक की लहर है।मृतका की पहचान हठौता गांव निवासी संजय यादव की पुत्री कुसुमांजलि यादव के रूप में हुई है। वह एक निजी विद्यालय में कक्षा चार की छात्रा थी।परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह कुसुमांजलि घर के बाहर स्थित एक पुराने कुएं की पटिया पर बैठकर रोजाना की तरह ब्रश कर रही थी। इसी दौरान उसे सांप ने काट लिया। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए मऊ स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां देर शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।बताया जाता है कि कुसुमांजलि दो बहनों और एक भाई में शामिल थी। उसके पिता संजय यादव पत्रकार होने के साथ ही समाजसेवा से भी जुड़े हैं। पिता के मुताबिक, कुसुमांजलि पढ़ाई में बेहद होनहार थी और अपनी कक्षा में हमेशा प्रथम स्थान प्राप्त करती थी। उसकी प्रतिभा और व्यवहार से परिवार को काफी उम्मीदें थीं।परिजनों ने बताया कि कुसुमांजलि प्रतिदिन सुबह उसी पुराने कुएं के पास बैठकर ब्रश करती थी। कुएं को ढका गया था, इसलिए किसी को वहां सांप होने का अंदेशा नहीं था। बच्ची की मौत के बाद ग्रामीणों ने कुएं की पटिया हटाकर देखा तो उसके नीचे एक सांप बैठा मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने आशंका जताई कि बच्ची को उसी सांप ने काटा था।कुसुमांजलि की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बच्ची से परिवार को भविष्य में बड़ी उम्मीदें थीं, उसकी अचानक मौत ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।



