Azamgarh news :जनपद में सकुशल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न हुआ गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन-2026
जनपद में सकुशल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न हुआ गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन-2026

डीएम ने निर्वाचन कंट्रोल रूम पहुंचकर जनपद के सभी 23 मतदान केन्द्रों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग कर मतदान व्यवस्था का लिया जायजा
डीएम, एसएसपी ने मतदान कार्य में लगे सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस कार्मिकों, मीडिया बंधुओं को धन्यवाद व आभार व्यक्त किया
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन-2026 जनपद आजमगढ़ में जिलाधिकारी/सहायक रिटर्निंग ऑफिसर रविन्द्र कुमार के कुशल निर्देशन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में सकुशल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न हुआ। मतदान प्रक्रिया के दौरान जनपद के सभी मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया गया।
निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के साथ जनपद के विभिन्न मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर मतदान व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने तहसील सदर, क्षेत्र पंचायत सठियांव, जहानागंज, तहबरपुर सहित विभिन्न मतदान केन्द्रों के बूथों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सुबह 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक निर्धारित मतदान अवधि के दौरान अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्वाचन संबंधी अन्य प्रबंधों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मतदान केन्द्रों पर मतदान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संचालित होता पाया गया। जिलाधिकारी ने मतदान केन्द्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। वहीं, सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क एवं चौकन्ना रहते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।
निर्वाचन कंट्रोल रूम से सभी 23 मतदान केन्द्रों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग
निर्वाचन प्रक्रिया पर प्रभावी निगरानी बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कलेक्ट्रेट स्थित निर्वाचन कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनपद के सभी 23 मतदान केन्द्रों पर संचालित मतदान व्यवस्था की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की तथा संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। ऑनलाइन निगरानी के दौरान मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संचालित होती पाई गई।
जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन से संबंधित सूचनाओं पर निरंतर निगरानी बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में सतर्कता बनाए रखने तथा भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
प्रशासन एवं पुलिस के समन्वित प्रयासों से सम्पन्न हुआ निर्वाचन
गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन-2026 को जनपद में सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा समन्वित रूप से कार्य किया गया। मतदान केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ ही सुरक्षा प्रबंधों की सतत निगरानी की गई, जिससे मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न हो सकी।
निर्वाचन कार्य के सफलतापूर्वक सम्पन्न होने पर जिलाधिकारी/सहायक रिटर्निंग ऑफिसर रविन्द्र कुमार ने निर्वाचन प्रक्रिया में लगे समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों, मीडिया बंधुओं एवं अन्य संबंधित कार्मिकों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने निर्वाचन दायित्वों का जिम्मेदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करने के लिए सभी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने भी जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए निर्वाचन को सकुशल सम्पन्न कराने में लगे समस्त पुलिस अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा एवं सराहनीय योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने निर्वाचन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में लगे पुलिस बल के प्रयासों की सराहना की।
डीएम, एसएसपी ने मतदान कार्य में लगे सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस कार्मिकों, मीडिया बंधुओं को निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराने में अपना योगदान देने के लिए धन्यवाद व अभार व्यक्त किया।
इस प्रकार जनपद आजमगढ़ में भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन-2026 शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल ढंग से सम्पन्न हुआ।
निर्वाचन कार्य में संयुक्त मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ सिंह, मुख्य विकास अधिकारी/ प्रभारी अधिकारी कार्मिक- प्रशिक्षण राकेश कुमार पटेल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी/ मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, एडीएम नागेंद्र सिंह,समस्त उप जिलाधिकारी गण गण, खंड विकास अधिकारी व अन्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



