Azamgarh News:मतदेय स्थलों को अंतिम रूप दिए जाने के संबंध में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक*

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय

मतदेय स्थलों को अंतिम रूप दिए जाने के संबंध में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक*

 

*जिलाधिकारी ने बूथ संख्या एवं बूथ नम्बर का पुनः मिलान करने तथा निर्वाचन संबंधी कार्यों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के दिए निर्देश*

 

आजमगढ़, 24 अक्टूबर 2026//

 

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में मतदेय स्थलों को अंतिम रूप दिए जाने के संबंध में मान्यता प्राप्त समस्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में प्रस्तावित मतदान केन्द्रों एवं मतदेय स्थलों के संबंध में विचार-विमर्श किया गया तथा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से इस संबंध में सुझाव एवं आपत्तियां आमंत्रित की गईं।

 

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि यदि किसी मतदेय स्थल के चयन अथवा निर्धारण के संबंध में कोई आपत्ति या सुझाव हो, तो उसे बैठक में अवगत कराएं, ताकि प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों पर विचार करते हुए मतदेय स्थलों को अंतिम रूप देने की कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। इस पर उपस्थित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मतदेय स्थलों के चयन के संबंध में अपनी संतुष्टि व्यक्त की।

 

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में प्रस्तावित 2301 मतदान केन्द्रों एवं 4360 मतदेय स्थलों की सूची को अंतिम रूप दिए जाने के उपरांत भारत निर्वाचन आयोग को प्रेषित किया जाएगा। उन्होंने उप जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देशित किया कि सूची आयोग को भेजे जाने से पूर्व एक बार पुनः सभी मतदेय स्थलों की बूथ संख्या एवं बूथ नम्बर का सावधानीपूर्वक मिलान कर लिया जाए, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन से संबंधित सभी कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। अतः सभी संबंधित अधिकारी निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े कार्यों को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं सावधानी के साथ सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदेय स्थलों के निर्धारण एवं निर्वाचन संबंधी अन्य कार्यों में निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

 

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील किया कि चल रहे विशेष अभियान की निर्धारित तिथियों में अपने-अपने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण महत्वपूर्ण है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि पात्र युवा एवं अन्य छूटे हुए मतदाता निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपना पंजीकरण कराएं। उन्होंने बताया कि पात्र नागरिक वोटर हेल्पलाइन के माध्यम से ऑनलाइन फार्म-6 भरकर भी मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से इस संबंध में जनसामान्य को जागरूक करने तथा पात्र मतदाताओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

 

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदाता सूची का पुनः परीक्षण करते हुए सबसे कम ईपीआईसी रेशियो (एपिक रेशिया) एवं जेंडर रेशियो वाले बूथों तथा 15 अक्टूबर 2026 से अब तक जिन बूथों पर फार्म-6 सबसे कम प्राप्त हुए हैं, उससे संबंधित टॉप-10 बूथों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराई जाए, ताकि आवश्यकतानुसार संबंधित क्षेत्रों में मतदाता पंजीकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए आगे की कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

 

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव ओझा, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार सहित मान्यता प्राप्त समस्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि एवं जिला निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button