Azamgarh News:कयाड़ नदी में धूमधाम से हुआ मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन, जीवंत प्रतिमाओं ने मोहा मन

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

कयाड़ नदी में धूमधाम से हुआ मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन, जीवंत प्रतिमाओं ने मोहा मन

आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के पटवध सरैया स्थित कयाड़ नदी में शनिवार को बिलरियागंज कस्बे सहित श्रीनगर (सियरहां) में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का श्रद्धा और उल्लास के साथ विसर्जन किया गया। इस दौरान मां दुर्गा के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। भक्तों ने नम आंखों से मां को विदाई देकर अगले वर्ष पुनः आने की कामना की।

शनिवार दोपहर करीब दो बजे से पूजन-अर्चन और दर्शन का कार्यक्रम शुरू हुआ। इसके बाद रात्रि करीब आठ बजे से प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर रात लगभग 1:30 बजे तक चलता रहा। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था।

इस बार कुछ प्रतिमाओं की आकर्षक कलाकारी ने लोगों को विशेष रूप से आकर्षित किया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो मां दुर्गा की प्रतिमा अभी बोल उठेगी। एक प्रतिमा की खासियत यह थी कि उसकी आंखें धीरे-धीरे खुलती और बंद होती थीं, जबकि सिर भी दाएं-बाएं घूमता था। प्रतिमा की इस अद्भुत प्रस्तुति को देखकर श्रद्धालु और दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।

विसर्जन स्थल पर प्रशासन की ओर से रोशनी की बेहतर व्यवस्था की गई थी। बिलरियागंज थाने के पुलिसकर्मियों और आरक्षियों ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की मुस्तैदी और प्रशासनिक व्यवस्था के बीच देर रात तक प्रतिमाओं का विसर्जन सकुशल संपन्न हुआ।

श्रद्धा, भक्ति और मां दुर्गा के जयकारों के बीच भक्तों ने माता रानी को विदाई दी। पूरा आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होने से श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button