Azamgarh News:जनगणना–2027: लालगंज एवं निजामाबाद तहसीलों में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रथम बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

जनगणना–2027: लालगंज एवं निजामाबाद तहसीलों में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रथम बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

आजमगढ़ 25 अक्टूबर 2026 /

जनगणना–2027 के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए जनपद आजमगढ़ में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में तहसील लालगंज एवं निजामाबाद में प्रथम बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण आज संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की प्रक्रिया, निर्धारित प्रश्नावली, डिजिटल माध्यम से सूचनाओं के संकलन तथा आँकड़ों की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के संबंध में जानकारी दी गई।

 

प्रशिक्षण कार्यक्रम जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी रविंद कुमार के कुशल नेतृत्व तथा मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। संबंधित उप जिलाधिकारियों, चार्ज अधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों ने प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया। फील्ड ट्रेनरों द्वारा प्रतिभागियों को जनगणना संबंधी प्रक्रियाओं एवं तकनीकी पहलुओं का प्रशिक्षण दिया गया।

 

जनगणना–2027 के अंतर्गत जनपद आजमगढ़ में 16 नवंबर से 30 नवंबर, 2026 तक स्वगणना की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इस अवधि में निवासी निर्धारित आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार एवं आवास से संबंधित विवरण स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। स्वगणना पूर्ण होने पर प्राप्त स्वगणना आईडी को सुरक्षित रखना आवश्यक होगा।

 

इसके उपरांत 1 दिसंबर, 2026 से 4 जनवरी, 2027 तक जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। इस अवधि में प्रगणक घर-घर जाकर निर्धारित प्रश्नावली के माध्यम से प्रत्येक परिवार एवं उसके सदस्यों से संबंधित जानकारी संकलित करेंगे। इस प्रक्रिया में निर्धारित 40 प्रश्नों के उत्तर सही एवं पूर्ण रूप से दर्ज करना महत्वपूर्ण होगा।

 

जनगणना से प्राप्त आँकड़े विकास योजनाओं के निर्माण, सार्वजनिक सुविधाओं की आवश्यकताओं के आकलन तथा विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के नियोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अतः सभी निवासियों से अपेक्षा है कि वे जनगणना में सक्रिय सहभागिता करते हुए प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएँ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button