Azamgarh News:मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आज 633 जोड़ों का होगा सामूहिक विवाह

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद आजमगढ़ में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन 05 नवम्बर 2026 को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, आजमगढ़ में सम्पन होगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने अवगत कराया है कि समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में योजना के अंतर्गत 633 पात्र जोड़ों का विवाह/निकाह संपन्न कराया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहायता प्रदान करने के साथ ही उन्हें सामाजिक सुरक्षा एवं सम्मानजनक जीवन की दिशा में सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना उत्तर प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह के अवसर पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना तथा विवाह संबंधी अनावश्यक आर्थिक बोझ को कम करना है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में विवाह/निकाह की रस्में संपन्न कराई जाएंगी। आयोजन के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता एवं सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा कार्यक्रम की तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।



