Azamgarh News:दीपावली से पहले मिष्ठान भंडारों पर एसडीएम की छापेमारी, मिलावट की आशंका पर मिठाइयां नष्ट कराई गईं

गोसाईगंज बाजार से लालगंज तक चला जांच अभियान, कई खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की तैयारी,
आजमगढ़ लालगंज दीपावली पर्व को देखते हुए आम जनता को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एसडीएम लालगंज नेहा मिश्रा के नेतृत्व में मिष्ठान भंडारों पर छापेमारी एवं जांच अभियान चलाया गया, गोसाईगंज बाजार से शुरू हुआ यह अभियान लालगंज बाजार होते हुए टीकड़गढ़ स्थित अस्पताल के सामने की मिठाई दुकानों तक पहुंचा, अचानक हुई इस कार्रवाई से मिठाई दुकानदारों में हड़कंप मच गया, कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से चले गए,
जांच अभियान के दौरान महादेव मिष्ठान भंडार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की जांच की गई। यहां रसगुल्ले से भरा एक पतीला नष्ट कराया गया। इसके अलावा खोया और दूध से बनी मिठाई का नमूना लिया गया। गुलाब जामुन का एक पतीला भी नष्ट कराया गया। वहीं विष्णु मिष्ठान भंडार पर खोये सहित विभिन्न मिठाइयों के नमूने लिए गए। पनीर का पानी तथा लौंगलता को भी नष्ट कराया गया।
दुकानों पर गंदगी एवं साफ-सफाई में कमी पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों को नोटिस भी तामील कराई जा रही है। जांच के दौरान लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूनों को प्रयोगशाला (लैब) में जांच के लिए भेजने की तैयारी की गई है, ताकि उनकी गुणवत्ता और शुद्धता की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
इस दौरान एसडीएम नेहा मिश्रा ने कहा कि दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार पर आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, शुद्धता और दुकानों की साफ-सफाई सुनिश्चित करना दुकानदारों की जिम्मेदारी है। जांच में कमी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा गंदगी मिलने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री बेचने और मिलावट से दूर रहने की सख्त हिदायत दी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के मिष्ठान कारोबारियों में खलबली मची रही। वहीं आम लोगों ने त्योहार के मद्देनजर चलाए जा रहे इस अभियान को स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में जरूरी कदम बताया।



