Azamgarh News:जयनाथ सिंह ने फीता काटकर किया मां लक्ष्मी की प्रतिमा का अनावरण, जयकारों से गूंजा जैगहां बाजार
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
धनतेरस पर बाल धर्म रक्षक दल की अनूठी पहल, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से स्थापित हुईं मां लक्ष्मी,गणेश और सरस्वती जी की प्रतिमाएं
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज विकासखंड अंतर्गत जैगहां बाजार में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी धनतेरस के पावन अवसर पर बाल धर्म रक्षक दल की ओर से मां लक्ष्मी , सरस्वती और भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर मेले का आयोजन किया गया। इसी क्रम में बृहस्पतिवार की शाम मां लक्ष्मी ,भगवान गणेश एवं माता सरस्वती की प्रतिमाएं विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच स्थापित की गईं।
प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम का भव्य अनावरण भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं गोपालपुर विधानसभा के भावी प्रत्याशी जयनाथ सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने मां लक्ष्मी के जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी जय माता दी के उद्घोष के साथ माता रानी का स्वागत किया।
कार्यक्रम का आयोजन भाजपा मंडल उपाध्यक्ष सूर्य प्रताप लाल श्रीवास्तव के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर जयनाथ सिंह ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को समाज में आस्था, एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने वाला बताया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
आयोजन को सफल बनाने में बाल धर्म रक्षक दल के बृजेश प्रजापति, आशीष प्रजापति, रविंद्र प्रजापति, शिवम प्रजापति, आकाश श्रीवास्तव, मनीष गौड़, रजनीश गौड़, शैलेश विश्वकर्मा, विशाल गुप्ता, संदीप प्रजापति, शैलेश गुप्ता सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
धनतेरस के अवसर पर प्रतिमा स्थापना के साथ ही जैगहां बाजार में धार्मिक उत्साह और मेले की रौनक देखने को मिली।



