Azamgarh News:अतरौलिया। दुकान का ताला काटकर 61 हजार नकदी और 5.50 लाख के कपड़े चोरी का आरोप.
दो नामजद समेत पांच के खिलाफ दुकानदार ने दी तहरीर, पुलिस जांच में जुटी।
स्थानीय खानपुर फतेह में रोडवेज के पास स्थित एक कपड़े की दुकान का ताला काटकर चोरों ने 61 हजार रुपये नकद और करीब 5.50 लाख रुपये के कपड़ों की चोरी कर ली। पीड़ित दुकानदार ने दो नामजद समेत पांच लोगों पर चोरी का आरोप लगाते हुए अतरौलिया थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मड़ोही गांव निवासी अमित कुमार पुत्र स्व. लालबहादुर खानपुर फतेह में शीतला निषाद की दुकान में एसकेएफ गारमेंट्स नाम से कपड़े की दुकान चलाते हैं। पीड़ित के मुताबिक, वह शाम करीब 7:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। बृहस्पतिवार सुबह दुकान पर पहुंचे तो शटर का ताला कटा मिला। अंदर जांच करने पर काउंटर में रखे 61 हजार रुपये और करीब 5.50 लाख रुपये के कपड़े गायब मिले।
दुकान में एक आरी, पिछले हिस्से में लटकी रस्सी और भीगा हुआ पैंट मिला। दुकान में बिछा मैट और कपड़े भी भीगे हुए थे। पीड़ित ने आशंका जताई कि चोरी की घटना देर रात करीब दो बजे के बाद हुई होगी। अमित कुमार ने खानपुर फतेह निवासी रोशन निषाद पुत्र शशिकांत निषाद और अंबेडकरनगर जिले के करीमनगर निवासी सचिन पुत्र कर्मराज समेत तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस गहनता से जांच कर रही है। जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।



