आजमगढ़:तेज रफ्तार पिकअप ने पैदल जा रहे युवक को मारी जोरदार टक्कर, गंभीर रूप से घायल
Azamgarh: A speeding pickup truck hits a young man walking on foot, leaving him seriously injured.
गंभीरपुर (आजमगढ़)। आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर थाना गंभीरपुर क्षेत्र के गोसाईं की बाजार अंतर्गत गोमाड़ीह गांव के बनदास तिराहे पर रविवार की दोपहर करीब दो बजे तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से पैदल जा रहा एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बालडीह गांव निवासी साहबराज (40) पुत्र पातीराम किसी आवश्यक कार्य से गोमाड़ीह गए थे। रविवार की दोपहर वह पैदल ही वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार से आ रही पिकअप संख्या UP60 AT 0265 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तत्काल मैजिक वाहन से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि युवक के सिर में कई गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है।घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इस संबंध में गोसाईं की बाजार पुलिस चौकी प्रभारी अश्वनी मिश्रा ने बताया कि घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। अभी तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



