Azamgarh News:पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला करने का आरोपी गिरफ्तार, बरदह पुलिस की कार्रवाई
पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला करने का आरोपी गिरफ्तार, बरदह पुलिस की कार्रवाई
ठेकमा आजमगढ़। पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में बरदह पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को सरायमोहन तिराहे के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, बीते 10 सितंबर 2026 को ग्राम कुंभ निवासी मनोज बिंद ने तहरीर देकर बताया था कि उनका भाई मोनू बिंद (24) मोटरसाइकिल से राजागंज बाजार जा रहा था। इसी दौरान राजागंज बाजार और चौकी गांव के बीच चौराहे पर पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि भोला गौतम ने लोहे की पाइप से मोनू के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
इस मामले में बरदह थाने में मुकदमा अपराध संख्या 302/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी। विवेचना के दौरान अन्य आरोपियों के नाम भी प्रकाश में आए।
इसी क्रम में 10 नवंबर 2026 को उपनिरीक्षक रितेश खरवार ने हमराह पुलिसकर्मी कांस्टेबल ललित सरोज के साथ मुखबिर की सूचना पर शिवम कुमार पुत्र राजबली, निवासी ग्राम कुंभ, थाना बरदह, उम्र करीब 20 वर्ष को दोपहर 12:20 बजे सरायमोहन तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी अपनी गलती की माफी मांग रहा था। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध संबंधित मुकदमे में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रितेश खरवार एवं कांस्टेबल ललित सरोज शामिल रहे।



