Azamgarh News:84 घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर श्रद्धालुओं ने की छठी मैया की आराधना, पटवध कौतुक के अमृत सरोवर पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
पटवध कौतुक में 175 वेदियों पर हुआ पूजन-अर्चन, हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़; जनप्रतिनिधियों ने भी पहुंचकर की पूजा, सुरक्षा में मुस्तैद रही पुलिस
आजमगढ़ जनपद के विकासखंड बिलरियागंज अंतर्गत पटवध कौतुक सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। बुधवार को सुबह से ही बाजारों में रौनक देखने को मिली। दोपहर करीब दो बजे तक श्रद्धालुओं ने छठ पूजा से संबंधित फल, फूल, सूप, दउरा और अन्य पूजन सामग्री की जमकर खरीदारी की। इसके बाद शाम चार बजे से ही व्रती महिलाएं और श्रद्धालु पूजन सामग्री के साथ विभिन्न घाटों पर पहुंचने लगे। जल में खड़े होकर व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता एवं खुशहाली की कामना की।
इसी क्रम में बिलरियागंज स्थित पक्का पोखरा पर भी साफ-सफाई के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से छठ पूजा की। शहाबुद्दीनपुर स्थित पोखरी पर नगर पालिका प्रशासन की ओर से साफ-सफाई की व्यवस्था कराई गई थी, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर छठी मैया की आराधना की।
प्राचीन शिव मंदिर पटवध कौतुक परिसर स्थित अमृत सरोवर पर छठ पर्व का नजारा देखते ही बन रहा था। यहां करीब 175 वेदियां सजाई गई थीं, जहां श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। गांव के श्रद्धालुओं की ओर से परिसर में छठी मैया की भव्य प्रतिमा भी स्थापित की गई थी। शाम होते ही दीपों की रोशनी, पूजा की सजावट और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से पूरा सरोवर परिसर भक्तिमय हो उठा। यहां मेले जैसा माहौल रहा और तमाम दुकानें भी सजी थीं। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रमेश यादव, गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के सपा विधायक नफीस अहमद तथा भाजपा के पूर्व प्रत्याशी सत्येंद्र राय भी घाट पर पहुंचे और छठी मैया के समक्ष अपनी श्रद्धा अर्पित की। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी से आयोजन की रौनक और बढ़ गई।
ग्राम प्रधान पति सुरेश्वरी दत्त उपाध्याय के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। सरोवर में मोटी रस्सी लगाई गई और पानी में ट्यूब की व्यवस्था की गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। संगठन के सदस्यों द्वारा बीच-बीच में अनाउंसमेंट के माध्यम से श्रद्धालुओं को सावधानी बरतने की अपील की जाती रही। लोगों से सड़क पर सुरक्षित चलने, छोटे बच्चों को अपने पास रखने और उन्हें सरोवर के पानी से दूर रखने का आग्रह किया गया।
इसी क्रम में सेठारी गांव के पोखरे पर भी छठ पूजा के लिए श्रद्धालुओं का रेला लगा रहा। गागेपुर गांव के लोगों ने कयाड नदी के तट पर छठी मैया की प्रतिमा स्थापित कर पूरे उत्साह और धूमधाम से पूजन-अर्चन किया। वहीं श्रीनगर सियरहा के श्रद्धालुओं ने पोखरे पर पहुंचकर श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान सूर्य की उपासना की। क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर लोकगीतों और छठी मैया के जयकारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
बिलरियागंज थाना क्षेत्र में कुल 84 घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया गया। पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। थानाध्यक्ष स्वयं पूरे थाना क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। पटवध कौतुक के अमृत सरोवर पर उपनिरीक्षक हरिकेश राय मय हमराह पुलिसकर्मियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे। पुलिस की सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घाटों पर श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण ढंग से पूजा-अर्चना की।
अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही क्षेत्र में छठ पर्व का पहला प्रमुख अनुष्ठान श्रद्धा और उल्लास के बीच संपन्न हुआ। आस्था, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता की अनूठी तस्वीर ने पूरे क्षेत्र को छठमय बना दिया।



