Azamgarh News:गैराज में मरम्मत के दौरान बेकाबू हुई कार, स्कूटी और स्विफ्ट डिजायर को क्षतिग्रस्त करते हुए बिजली के खंभे से टकराई

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी, गाड़ी चलाने वाला हेल्पर मौके से फरार; पुलिस जांच में जुटी

आजमगढ़ शहर के नरौली इलाके में एक कार गैराज में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मरम्मत के दौरान एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी स्कूटी और स्विफ्ट डिजायर कार को टक्कर मारते हुए बिजली के खंभे से जा भिड़ी। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, गैराज में मिस्त्री एक कार की मरम्मत कर रहा था। इसी दौरान उसने अपने हेल्पर को कार थोड़ा आगे बढ़ाने के लिए कहा। हेल्पर ने जैसे ही गाड़ी स्टार्ट कर आगे बढ़ाने का प्रयास किया, कार अचानक बेकाबू हो गई। देखते ही देखते कार ने पास में खड़ी स्कूटी और स्विफ्ट डिजायर को अपनी चपेट में ले लिया और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। अचानक हुए इस हादसे से आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। नरौली के सभासद संतोष चौहान ने बताया कि गैराज में मिस्त्री कार की मरम्मत कर रहा था। उसने हेल्पर को गाड़ी आगे करने के लिए कहा था, तभी यह हादसा हो गया। टक्कर से दो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, हादसे के बाद कार चला रहा हेल्पर मौके से फरार हो गया।

सूचना पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। घटना के कारणों और नुकसान के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button