जबलपुर में दर्दनाक हादसा:चूल्हे की चिंगारी से कच्चे मकान में लगी आग महिला की मौत
Tragic accident in Jabalpur: A woman died after a fire broke out in a mud house due to a spark from a stove.

जबलपुर/ सिहोरा अंतर्गत इमलहापुरा वार्ड क्रमांक-9 में आज दोपहर एक ऐसा दिल दहला देने वाला मंजर सामने आया, जिसने पूरे इलाके में हड़कम्प मच गया। यहां एक कच्चे मकान में चूल्हे की चिंगारी से लगी आग ने पूरे घर में अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों के बीच घर के कमरे में फंसी महिला पूजा कोल की जिंदा जलने से मौके पर ही मौत हो गई। आग देख आसपास के लोगों में चीख पुकार व हड़कम्प मच गया,लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की लेकिन आग विकराल रुप धारण कर चुकी थी। घटना के बाद पूरे वार्ड में कोहराम और मातम का माहौल पसर गया पुलिस के अनुसार पूजा कोल पति बंटी कोल मजदूरी कर घर चलाते थे, जबकि पूजा भी कबाड़ बीनकर परिवार की रोजी-रोटी में हाथ बंटाती थीं। आज दोपहर करीब 3 बजे बंटी मजदूरी से लौटकर घर आए। पूजा ने उन्हें खाना खिलाया, जिसके बाद बंटी बाहर घूमने निकल गए। घर में अकेली बचीं पूजा जब चूल्हे पर खाना बनाने लगीं, तभी अचानक चूल्हे की चिंगारी पास रखे कपड़ों पर जा गिरी। सूखे कपड़ों ने पलक झपकते ही आग पकड़ ली और लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। कच्चे मकान और उसमें रखा सामान धू-धू कर जलने लगा। धुएं और आग के बीच संकरे व छोटे कमरे में फंसी पूजा बाहर निकलने का रास्ता तक नहीं पा सकीं और लपटों में घिरकर जिंदा झुलस गईं। जब तक पड़ोसियों को भनक लगी और लोग दौड़े, तब तक आग बेकाबू हो चुकी थी।
वहीँ आग की सूचना मिलते ही नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके के लिए दौड़ी, लेकिन तंग गलियों और नीचे लटकती बिजली की केबल ने दमकल वाहन का रास्ता रोक दिया। लोगों और कर्मचारियों ने किसी तरह केबल को ऊपर उठवाया, तब जाकर वाहन घटनास्थल तक पहुंचा। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सब कुछ राख हो चुका था। सिहोरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



