अंबेडकर नगर:थाने में महिला की पिटाई का सनसनीखेज आरोप,बोली चीखती रही,रहम की भीख मांगती रही,लेकिन नहीं पसीजा पुलिस का दिल!
सास-ससुर की शिकायत पर थाने लाई गई महिला ने थानाध्यक्ष पर पाइप और डंडे से बेरहमी से पीटने का लगाया आरोप, बेहोश होने तक पिटाई किए जाने का दावा; पुलिस ने आरोपों को बताया निराधार, कहा, महिला ने सास-ससुर को मारपीट कर किया घायल
अंबेडकर नगर जनपद के राजेसुल्तानपुर थाना अंतर्गत पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। राजेसुल्तानपुर चौक निवासिनी निशा सोनकर पत्नी राजेश सोनकर ने थानाध्यक्ष अमित पांडेय पर थाने के अंदर बेरहमी से पीटने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि उसे पाइप और डंडे से इस कदर पीटा गया कि वह दर्द से चीखती-चिल्लाती रही और आखिरकार बेहोश हो गई। वहीं, पुलिस ने महिला के आरोपों को खारिज करते हुए उसके खिलाफ पहले से मारपीट का मामला होने और शनिवार को भी सास-ससुर को घायल करने की बात कही है।
पीड़िता निशा सोनकर के अनुसार, शनिवार की शाम उसकी सास चंपा सोनकर और ससुर सोवर्धन सोनकर के कहने पर थानाध्यक्ष अमित पांडेय ने महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों को भेजकर उसे पकड़वाया। उस समय उसका बेटा सत्या सोनकर भी उसके साथ था। महिला का आरोप है कि उसे थाने लाकर एक कमरे में बंद कर दिया गया और वहां पाइप तथा डंडे से बेरहमी से पिटाई की गई।
निशा का कहना है कि वह लगातार पुलिसकर्मियों से गुहार लगाती रही कि भैया, मेरा कोई दोष नहीं है, मैंने कुछ नहीं किया है, लेकिन उसकी फरियाद सुनने वाला कोई नहीं था। आरोप है कि उसकी पिटाई तब तक जारी रही, जब तक वह बेहोश नहीं हो गई। बेहोशी की हालत में उसके ऊपर पानी डाला गया, जिसके बाद उसे होश आया। इसके बाद उसे थाने से बाहर निकाल दिया गया।महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके सास-ससुर की ओर से उसे पिटवाने के लिए थानाध्यक्ष को पैसे दिए गए थे। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। महिला के पैर के पिछले हिस्से पर गंभीर चोट के निशान भी दिखाई देने की बात सामने आई है, जिससे पूरे मामले को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पीड़िता ने भावुक होकर कहा कि उसके आगे-पीछे कोई नहीं है। पति भी शराब का सेवन करते हैं, ऐसे में वह अपनी पीड़ा किससे कहे। महिला का कहना है कि यदि थाने के अंदर ही महिलाओं के साथ इस तरह का व्यवहार होगा तो आखिर न्याय की उम्मीद लेकर पीड़ित महिलाएं कहां जाएंगी?एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और पुलिस थानों में संवेदनशील व्यवहार पर जोर दे रही है, वहीं दूसरी तरफ महिला द्वारा थाने के अंदर बेरहमी से पिटाई किए जाने का लगाया गया आरोप पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
इस संबंध में जब थानाध्यक्ष राजेसुल्तानपुर अमित पांडेय से बातचीत की गई तो उन्होंने महिला द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि निशा सोनकर के खिलाफ पूर्व में भी अपनी सास-ससुर के साथ मारपीट करने का मुकदमा दर्ज है। शनिवार को भी महिला ने अपनी सास-ससुर के साथ मारपीट की, जिसमें सास की हथेली फटने और हाथ टूटने की बात सामने आई है, जबकि ससुर को भी चोटें आई हैं। सास-ससुर की ओर से थाने में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर महिला के खिलाफ दोबारा मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि महिला झूठे आरोप लगाकर पुलिस को बदनाम करने का प्रयास कर रही है।फिलहाल इस पूरे मामले में एक ओर महिला थाने के अंदर बेरहमी से पीटे जाने का आरोप लगा रही है, तो दूसरी ओर पुलिस उसके खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज होने की बात कह रही है। महिला के शरीर पर बताए जा रहे चोट के निशान और पुलिस के दावों के बीच निष्पक्ष जांच की जरूरत महसूस की जा रही है। सवाल यह है कि यदि महिला के साथ वास्तव में थाने के अंदर मारपीट हुई है तो जिम्मेदार कौन है और यदि पुलिस का पक्ष सही है तो पूरे घटनाक्रम की सच्चाई क्या है? इन सवालों का जवाब निष्पक्ष जांच, मेडिकल परीक्षण और उपलब्ध साक्ष्यों से ही सामने आ सकेगा।



