बलिया-छपरा रेलखंड पर खौफनक घटना, जिन्दा जला ट्रेन की छ्त पर चढ़ा युवक ; मंजर देख कांपे

रिपोर्ट अजीत कुमार सिंह बिट्टू जी ब्यूरो चीफ हिंद एकता टाइम
बलिया : बलिया-छपरा रेलखंड पर शनिवार की सुबह बांसडीहरोड स्टेशन पर डाउन 15084 उत्सर्ग एक्सप्रेस के इंजन के ऊपर पेंटो में फंसे एक युवक का जलता शव देखकर सनसनी फैल गयी। डाउन उत्सर्ग एक्सप्रेस सुबह 6 बजकर 51 मिनट पर बलिया से छपरा के लिये खुली तो कुछ देर बाद रघुनाथपुर गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर काम कर रहे एक रेलवे के कर्मचारी ने ट्रेन की बोगी के ऊपर एक युवक को बैठे देखा।
उसने उसे आवाज लगाई, लेकिन गाड़ी आगे बढ़ गयी। इसके बाद उक्त कर्मचारी द्वारा स्थानीय रेलवे क्रासिंग पर तैनात गेटमैन को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर गेटमैन ने बांसडीह रेलवे स्टेशन मास्टर को इसकी जानकारी दी। स्टेशन मास्टर द्वारा गाड़ी को रुकवा दिया गया। यात्रियों के अनुसार गाड़ी रुकने के बाद जैसे ही स्टेशन मास्टर व ड्राइवर गार्ड आदि रेलवेकर्मी ऊपर बैठे युवक को नीचे उतारने के लिये आवाज लगाने लगे, वह डरकर नीचे उतरने के बजाय इधर उधर भागने लगा। इसी दौरान वह इंजन के पास पंहुचा, जहां इंजन की छत पर लगे पेंटो में प्रवाहित 25 हजार वोल्ट की विद्युत प्रवाह ने उसे दूर से ही अपने चपेट में ले लिया।
इसके बाद वहां जोर की आवाज हुई और युवक के कपड़ो में आग लगने के साथ ही उसका शरीर जलने लगा। घटना के बाद स्टेशन मास्टर द्वारा कंट्रोल व यांत्रिकी विभाग को इसकी सूचना दी गयी। जिसके बाद मौके पर यांत्रिक यान लेकर बलिया से पंहुचे यांत्रिक विभाग के कर्मचारियों ने ट्रेन के ऊपर चढ़कर मृतक के बुरी तरह जले शव को पेंटो से बाहर निकाला और स्ट्रेचर पर लादकर नीचे उतार दिया।



