आज मनेगा रंगों का पर्व होली, पूर्व संध्या पर हुई खूब खरीदारी
शुभ मुहूर्त के समय किया गया होलिका का दहन
भदोही। होली पर्व की पूर्व संध्या पर गुरुवार को नगर के हर तरफ काफी भीड़-भाड़ देखा गया। बाजार में पहुंचे लोगों ने होली को मनाने के लिए रंग, अबीर-गुलाल और पिचकारी सहित गुझिया के लिए सामानों की खरीदारी की। इसके साथ ही मिठाईयों की भी जमकर बिक्री हुई। शुभ मुहूर्त पर नगर में होलिका का दहन किया गया।
होली पर्व के लिए सबसे खास गुझिया रहती है। ऐसे में बाजार में गुझिया की भी खरीदारी हुई। जिनके घरों में गुझिया बनता है। उन्होंने इसके लिए मेवा व खोवा सहित अन्य सामानों की खरीदारी की। नमकीन, चिप्स, पापड सहित खोवा से बने मिठाई की बिक्री हुई। भांग की मिठाई व कुल्फी की मांग अधिक देखी गई। होली में समय के साथ ही गन, कार्टून, ट्राली और बैग स्टाइल की पिचकारियां अपनी जगह ले ली है। इसके बाद भी परंपरागत पिचकारियां एक खास उम्र वर्ग के लोगों के बीच बचपन की सुनहरी यादों के साथ पहली पसंद बनी हुई है। इसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं। बच्चों को कार्टून कैरेक्टर से सजी पिचकारियां भा रही हैं। इसमें उनके लिए छोटा भीम, मोटू-पतलू, डोरेमॉन समेत कई कार्टून कैरेक्टर से सजी पिचकारियां खास हैं। इसके साथ ही गन, टैंकर, ट्रॉली और बैग के साथ ही कई प्रकार की पिचकारियां देखते ही बन रही हैं। इसके साथ ही बलून भी बच्चे पसंद कर रहे हैं। वहीं अबीर-गुलाल आदि की खूब खरीदारी हुई। होली के लिए मिलने वाले मुखौटों की भी बिक्री हुई।