जिलाधिकारी ने दो दिवंगत व्यापारियों की पत्नी को सौंपा दस-दस लाख रुपये का चेक,
मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजनांतर्गत दिया चेक, जिलाधिकारी की अध्यक्षता में व्यापार बन्धु की बैठक आयोजित,

विनय मिश्र, जिला संवाददाता।
देवरिया, जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा की उपस्थिति में आज कलेक्ट्रेट सभागार में व्यापार बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीएम ने व्यापारियों की समस्या प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
बैठक के प्रारंभ में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना अंतर्गत दो दिवंगत व्यापारियों की पत्नियों को दस-दस लाख रुपये का चेक प्रदान किया। सहायता राशि स्वर्गीय मुन्ना जायसवाल, स्वामी सर्वश्री जायसवाल खाद भंडार, बरहज की पत्नी सरिता जायसवाल एवं स्वर्गीय शत्रुजीत राव स्वामी सर्वश्री वंदना एचपी ग्रामीण गैस वितरक, बरईपुर की पत्नी वंदना राव को दी गई। डीएम ने बताया कि राज्य कर विभाग में पंजीकृत प्रत्येक व्यापारी को प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना से निःशुल्क कवरेज प्रदान की जाती है। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी व्यापारियों से अनुरोध किया कि वे अपना पंजीकरण राज्य कर विभाग में करा लें। इससे आकस्मिक स्थिति में उनके परिजनों को आर्थिक सुरक्षा प्राप्त होगी। इस सहायता राशि के लिए व्यापारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने सभी व्यापारी बंधुओ से आग्रह किया कि वह अपना जीएसटी रिटर्न समय से दाखिल करें। उन्होंने बताया कि जीएसटी रिटर्न करने के कई फायदे होते हैं, जिसमें रियायती लोन भी शामिल है।
बैठक में व्यापारियों ने शहर में खुले में बिक रही मीट-मांस-मछली की दुकानों का मुद्दा उठाया। जिस पर जिलाधिकारी ने कहा कि विक्रेता सुनिश्चित करें कि मीट-मुर्गा काटने के बाद अपशिष्ट खुले में और नालियों में न फेंके। खुले में मीट मांस बेचने के विरुद्ध शीघ्र ही प्रवर्तन की कार्रवाई प्रचलन में लायी जाएगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने ईओ को शहर के बाहर एकीकृत मीट मछली विक्रय केंद्र की स्थापना करने का निर्देश दिया। व्यापारियों ने बिजली के लटकते तारों का मुद्दा उठाया जिस पर अधिशासी अभियंता विद्युत ने बताया कि इसके लिए मेसर्स लेजर पावर एंड इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड, कोलकाता द्वारा रिवेंप योजना के अंतर्गत शहर में बिजली के लटकते तार एवं जर्जर पोल को बदलने का कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। शीघ्र ही सभी तारों एवं जर्जर पोलों को सही कर लिया जाएगा। अभी तक 570 पोल का काम पूरा हो चुका है तथा रेलवे स्टेशन रोड पर कार्य हो रहा है। जिस पर जिलाधिकारी ने कार्रवाई की गति तेज करने का निर्देश दिया।
अध्यक्ष जिला उद्योग व्यापार मंडल ने कोऑपरेटिव चौराहे पर 18 दुकानों का विस्थापन और उससे प्रभावित व्यापारियों का मुद्दा उठाया। व्यापारी नेता एवं पूर्व विधायक रविंद्र प्रताप मल्ल, अध्यक्ष व्यापार मंडल शक्ति गुप्ता ने भी व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को उठाया।
बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार राय, एएसपी दीपेंद्रनाथ चौधरी, उपायुक्त जीएसटी पंकज लाल, ईओ संजय तिवारी सहित विभिन्न अधिकारी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी बंधु उपस्थित रहे।



