सेवानिवृत कर्मचारी एवं उनके बकाए समापक भुगतान के लिए पेंशन अदालत का किया गया आयोजन।

विनय मिश्र ,जिला संवाददाता।
देवरिया।
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं उनके आश्रितो के बकाये के समापक भुगतान हेतु वाराणसी मंडल पर पेन्शन अदालत का आयोजन आज दिनांक 16 दिसम्बर,2024 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित भारतेन्दु सभाकक्ष में मंडल रेल प्रबंधक श्री विनीत कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ । इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री समीर पॉल,वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार , सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी श्री वीरेन्द्र यादव एवं अनिरुद्ध कुमार सहित ओ.बी.सी. के मंडल मंत्री श्री बी.एन.यादव, एस.सी/एस.टी के मंडल मंत्री श्री प्रमोद कुमार एवं अध्यक्ष श्री थादेयुस डूंगडूंग, यूनियन के पदाधिकारी तथा पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर एसोसिएशन वाराणसी मंडल के अध्यक्ष श्री प्रदीप कुमार श्रीवास्तव समेत सेवा निवृत्त कर्मचारी एवं उनके आश्रित उपस्थित थे ।
पेंशन अदालत में मंडल रेल प्रबंधक श्री विनीत कुमार श्रीवास्तव ने सभी का स्वागत करते हुये अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी पेंशन अदालत का आयोजन किया गया है इसमें कार्मिक तथा लेखा विभाग के कर्मचारियों ने यथा संभव प्रयासों से शत-प्रतिशत परिवादों के निस्तारण का प्रयास किया है। यह प्रसन्नता का विषय है, कि इस अदालत हेतु प्राप्त 76 परिवादों में 73 परिवादों को पूर्ण रूप से निस्तारित किया गया तथा प्रमाणिक दस्तावेजों के आभाव में 03 परिवादों को प्रक्रियाधीन रखा गया है।
उन्होंने कहा की आदर्श स्थिति तो तब मानी जायेगी जब पेंशन अदालत की आवश्यकता ही न पड़े, किन्तु कभी-कभी भत्तो की दर में बढ़ोत्तरी के आदेश देर से प्राप्त होते है, या किन्ही मदों पर शुद्धि पत्र या दरों में संशोधन होते रहे है, या कभी दस्तावेजों की कमी की वजह से सब कुछ सही होते हुए भी भुगतान जारी न करने की मजबूरी होती है या पे-कमीशन की सिफारिश पिछली तिथि से लागू मानी जाती है। इस कारण इस प्रकार के आयोजन की आवश्यकता होती है। मैं सभी पेंशनरों से एवं निकट भविष्य में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों से अपील करता हूँ, कि अपने आवेदनों में एवं पेंशन बुकलेट भरते समय आवश्यक दस्तावेजों में कमी न रहने दें । जिससे आपके मदों के निस्तारण में सहजता सुगमता प्रतीत हो साथ ही सभी अधिकारियों से भी आग्रह करूँगा कि इस प्रकार के मामलों को अग्रसारित करने में विलम्ब न करें एवं अपने पर्यवेक्षकों को भी इस सम्बन्ध में निर्देशित करें। मैं आज के इस आयोजन की सार्थकता सिद्ध करने एवं अधिकाधिक मदों को निस्तारित करने के लिए कार्मिक विभाग एवं लेखा विभाग के कर्मचारियों को बधाई देता हूँ ।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री समीर पॉल ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि सेवानिवृत रेल कर्मचारियों की समस्याओं के तत्काल निस्तारण हेतु पेन्शन अदालत का आयोजन हर वर्ष किया जाता है । इस वर्ष पेंशन अदालत में ज्यादातर मामले पेंशन रिवीजन,भुगतान एवं बैकों के साथ समन्वय संबंधित पाए गए हैं।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबन्धक श्री राजेश कुमार ने पेंशनरों एवं उनके आश्रितों को संबोधित करते हुए बताया कि रेलवे पेंशनरों को जीवन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अब आसान हो गया है। पूर्वाेत्तर रेलवे ने डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 3.0 द्वारा पेंशनरों
या पारिवारिक पेंशनरों के लिये जीवन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया को सरल एवं आसान बनाया
है। परंपरागत रूप से, पेंशनभोगियों को अपनी पेंशन निरंतरता सुनिश्चित करने के लिये प्रत्येक वर्ष माह
नवम्बर में बैंक जाना आवश्यक था। अब पेंशनरों को ऑनलाइन जीवन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने का विकल्प प्रदान किया गया है, जिससे समय की बचत होगी। यह विशेषकर वरिष्ठ पेंशनरों के लिये काफी लाभदायक होगा। पूर्वोत्तर रेलवे अपने पेंशनरों को सशक्त बनाने के साथ ही जीवन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने की आसान डिजिटल व्यवस्था को सुनियोजित कर रहा है। जिसके लिये पेंशनरों या पारिवारिक पेंशनरों को गूगल प्ले स्टोर से यू.आई.डी.ए.आई. द्वारा ‘‘आधारफेस आर.डी. (अर्ली एक्सेस)‘‘ एप्लिकेशन डाउनलोड करना होगा, जिसके
लिये नवीनतम संस्करण (वर्तमान में 0.7.43) की आवश्यकता होगी। पेंशनरों को गूगल प्ले स्टोर से जीवन
प्रहान एप यह सुनिश्चित करते हुये कि यह संस्करण 3.6.3 में अपडेट है, इंस्टाल करना होगा।
इसका उपयोग करके, पेंशनभोगी घर से अपने जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं तथा भौतिक यात्राओं
की आवश्यकता के बिना सुविधाजनक एवं कुशल प्रक्रिया का आनन्द ले सकते हैं।
आज आयोजित पेन्शन अदालत में मंडल के विभिन्न स्टेशनों/यूनिटों के सेवा निवृत्त कर्मचारी एवं उनके आश्रितों ने भाग लिया । इस अवसर पर कार्यालय अधीक्षक/समापक भुगतान श्री इरशाद मेहंदी तथा सम्बंधित लेखा विभाग एवं कार्मिक विभाग के निरीक्षक व कर्मचारीगण उपस्थित थे ।
सेवानिवृत रेल कर्मचारियों के कल्याण हेतु इस पेन्शन अदालत का संचालन मुख्य हित निरीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री समीर पॉल ने किया



