यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई, अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया जारी

यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई, अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया जारी
नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गढ़ा थाना क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत नगर निगम के अमले ने अवैध रूप से लगे ठेलों को हटाया, जो सवीक बस स्टॉप के आसपास अवैध रूप से खड़े थे।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम ने पुलिस बल की सहायता मांगी थी, जिसके तहत गड़ा थाना और ट्रैफिक पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और अतिक्रमण हटाने में सहयोग किया। अधिकारियों के मुताबिक, सबसे पहले चिन्हित स्थानों से अवैध कब्जे हटाए जा रहे हैं। इसके बाद नगर निगम द्वारा अन्य अतिक्रमणों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अवैध गतिविधियों पर भी लगेगी रोक
स्थानीय निवासियों की शिकायत थी कि इस क्षेत्र में शराब दुकान होने के कारण शाम होते ही असामाजिक तत्वों की भीड़ बढ़ जाती थी। पुलिस पहले भी इन गतिविधियों को रोकने के लिए कार्रवाई कर चुकी है, लेकिन अतिक्रमण की मौजूदगी से समस्या बनी हुई थी। अब अतिक्रमण हटाए जाने के बाद, ऐसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।
नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि शहर को अवैध अतिक्रमण से मुक्त करने के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



