ओडिशा: संबलपुर में 'समर्थ' केंद्र में दुर्व्यवहार मामले में चार लोग गिरफ्तार, जांच जारी

[ad_1]

संबलपुर, 30 जनवरी (आईएएनएस)। संबलपुर में दिव्यांग व्यक्तियों के लिए बने ‘समर्थ’ पुनर्वास केंद्र में दुर्व्यवहार का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में कथित तौर पर निवासियों के साथ दुर्व्यवहार की बात सामने आई है। वीडियो के वायरल होने के बाद, धनुपाली पुलिस ने केंद्र के सचिव हरीश चंद्र दास और महिला केयरटेकर स्वागतिका प्रधान को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया।

बुधवार को पुलिस ने सचिव और केयरटेकर के बेटों को भी गिरफ्तार किया, जिन्हें भी कोर्ट में पेश किया गया। संबलपुर की उप-कलेक्टर पुष्पांजलि पांडा ने चल रही जांच की पुष्टि करते हुए आईएएनएस को बताया कि प्रभावित निवासियों के बयान दर्ज किए गए हैं। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि सचिव और केयरटेकर द्वारा उन्हें रोजाना शारीरिक शोषण का सामना करना पड़ता था। इसके अलावा, एक महिला निवासी ने यौन उत्पीड़न की शिकायत की है, और उसका बयान भी दर्ज किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि घटना में शामिल पाए जाने वाले किसी भी सरकारी अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उत्तरी रेंज के आईजी हिमांशु लाल ने आईएएनएस से बात करते हुए केंद्र के प्रमुख और केयरटेकर समेत चार लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि फोरेंसिक और वैज्ञानिक जांच जारी है। इसमें शामिल सभी लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा। समर्थ केंद्र के वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है।

रेंगाली के विधायक सुदर्शन हरिपाल ने जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि दुर्व्यवहार का वीडियो साक्ष्य उन्हें सबसे पहले मिला था और उन्होंने इसकी सत्यता की पुष्टि करने के लिए तुरंत एक टीम गठित की थी। निष्कर्षों के बाद, उन्होंने जिला कलेक्टर और एसपी को सूचित किया, जिसके परिणामस्वरूप केंद्र पर छापा मारा गया। हरिपाल ने प्रशासन से जिम्मेदार लोगों को सख्त सजा सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

–आईएएनएस

एफजेड/

[ad_2]

Disclaimer : ऑटो फ़ीड्स द्वारा यह न्यूज़/समाचार स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। hindektatimes.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन इस न्यूज़/समाचार में नहीं किया गया है। इस न्यूज़/समाचार की एवं इसमें उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की हैद्य न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
इनपुट. आईएएनएस के साथ

Related Articles

Back to top button