Azamgarh news:अयोध्या के बाद आजमगढ़ में सबसे ज्यादा मुख्य सेविकाएं हुई चयनित-विधान परिषद सदस्य
Azamgarh:मुख्यमंत्री ने आजमगढ़ की छवि बदली है, आजमगढ़ के लोग आज हर क्षेत्र में कमा रहे अपना नाम- विधान परिषद सदस्य
आजमगढ़ 27 अगस्त: मुख्यमंत्री, उ0प्र0 योगी आदित्यनाथ जी ने आज लखनऊ से उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के अन्तर्गत नव चयनित बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की 2425 मुख्य सेविकाओं एवं 13 फार्मासिस्ट को नियुक्ति पत्र का वितरण किया। उक्त कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विधान परिषद सदस्य श्री विजय बहादुर पाठक की उपस्थिति में हरिऔध कला केन्द्र आजमगढ़ में किया गया।इसी क्रम में विधान परिषद सदस्य ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के अन्तर्गत जनपद की चयनित 101 मुख्य सेविकाओं में से 100 मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र का वितरण किया। 01 मुख्य सेविका को मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ में नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया। विधान परिषद सदस्य ने जनपद की नव चयनित समस्त मुख्य सेविकाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होने कहा कि इस भर्ती में अयोध्या के बाद आजमगढ़ में सर्वाधिक मुख्य सेविकाओं का चयन हुआ है, यह आजमगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री ने आजमगढ़ का छवि/स्वरूप ही बदल दिया है। आजमगढ़ के लोग आज हर क्षेत्र में अपना नाम कमा रहे हैं। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन में आपके दायित्व का भी बोध कराया है, जिसमें कहा कि जब कृष्ण की चर्चा होगी, तब मॉ यशोदा की भी चर्चा होगी। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री का नारी सशक्तीकरण पर जोर है, राजनैतिक क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़े, इसलिए लोकसभा में उनके लिए 30 प्रतिशत आरक्षण का प्राविधान किया जा रहा है। उन्होने कहा कि जब एक नारी सशक्त होती है, तो एक परिवार सशक्त होता है। उन्होने कहा कि हमारी सरकार पूरी निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से समस्त भर्तियां करा रही हैं।विधान परिषद सदस्य ने कहा कि मुख्य सेविकाओं को आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के साथ समन्वय बनाना है, और अपने काम का अनुश्रवण करते हुए सरकार की मंशा के अनुसार कार्य करना है। उन्होने कहा कि शासन की मंशा है कि प्री प्राइमरी स्कूल के बच्चों को आंगनवाड़ी केन्द्र के बच्चों को शिक्षित किया जाए। इसके लिए शासन स्तर से प्रदेश में कुल 5000 विद्यालय चिन्हित किये गये हैं। उन्होने कहा कि आने वाले समय में नई तकनीक के माध्यम से आपको सशक्त करते हुए एक अच्छी व्यवस्था आंगनवाड़ी केन्द्रों की स्थापित करेंगे। उन्होने कहा कि आने वाले 06 महीनों में बहुत ही महत्वपूर्ण कार्य किया जाना प्रस्तावित है, जिसमें सबसे महत्वपूर्ण बाल वाटिका है। जो विद्यालय एक किमी की परिधि में हैं, उनमें बाल वाटिका स्थापित की जायेंगी। सरकार की मंशा है कि हर जगह आंगनवाड़ी केन्द्र बने, जहां पर नहीं बने हैं, वहां के लिए प्रस्ताव भेजा जायेगा। उन्होने कहा कि एक मुख्य सेविका के अन्तर्गत लगभग 25 आंगनवाड़ी केन्द्र आयेंगे, और उन 25 आंगनवाड़ी केन्द्रों पर कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं से समन्वय स्थापित करते हुए आपको सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य करने हैं। उन्होने कहा कि मुख्य सेविकाओं के ऊपर सरकार ने बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है एवं अपेक्षा किया है, इसके दृष्टिगत अपने दायित्वांे एवं कर्तव्यों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करें।इसके साथ ही विधान परिषद सदस्य द्वारा ड्राई राशन वितरण कार्यक्रम, हॉट कुक्ड योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वन्दना योजना, कुपोषण बच्चों का चिन्हांकन, ग्रामीण स्वास्थ्य पोषण दिवस आदि के विषय में भी विस्तार से बताया गया।जिला कार्यक्रम अधिकारी हेमन्त सिंह द्वारा मुख्य सेविकाओं को उनके कर्तव्यों एवं दायित्वों के प्रति अपने विचार व्यक्त किये गये।प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी/जिला विकास अधिकारी श्री संजय कुमार सिंह द्वारा सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।इस अवसर पर समस्त सीडीपीओ, नव चयनित मुख्य सेविकाएं एवं अन्य संबंधित उपस्थित रहे।