Azamgarh news:अतरौलिया में बारिश से बढ़ी किसानों की चिंता:लगातार बरसात से धान की फसलों को सबसे ज्यादा नुकसान
Rain in Atraulia increased the worries of farmers: Paddy crops suffered the most damage due to continuous rain.

रिपोर्ट: चन्द्रेश यादव
आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश ने धान की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। इससे किसानों की सालभर की मेहनत प्रभावित हुई है।कटाई के लिए तैयार धान की फसलों को सर्वाधिक नुकसान हुआ है। अतरौलिया क्षेत्र के देहुला सरकार, मनवरपुर और कुलुहिया जैसे कई गांवों में धान की कटाई का कार्य शुरू होते ही बारिश के कारण पूरी तरह रुक गया। खेतों में खड़ी और कटी हुई दोनों तरह की फसलें खराब होने लगी हैं। कई स्थानों पर धान की बालियां जमीन पर गिर गई हैं, जिससे उपज की गुणवत्ता प्रभावित हुई है। इस बारिश से केवल धान ही नहीं, बल्कि सब्ज़ी और तिलहन फसलों को भी क्षति पहुँची है। ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगहों पर कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अतरौलिया ब्लॉक के देहुला सरकार, मनवरपुर और कुलुहिया गांवों में कटाई के लिए रखी गई फसलें भीगकर खराब हो रही हैं। लगातार नमी और बादल छाए रहने के कारण फसलों को सुखाने में भी कठिनाई आ रही है। इस स्थिति ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय किसानों ने जिला प्रशासन से फसलों के नुकसान का सर्वे कराकर राहत राशि की मांग की है।।



