Deoria news:सलेमपुर के थोक सब्जी व्यापारियों को मिली अस्थाई राहत
सलेमपुर के थोक सब्जी व्यापारियों को मिली अस्थाई राहत।
देवरिया।
सलेमपुर। थोक सब्जी व्यापारियों को जाम की समस्या के बाद दुकान लगाने पर लगे प्रतिबंध से अस्थायी राहत मिली है। व्यापारियों ने सब्जी मंडी समिति के अध्यक्ष विजय गुप्ता के नेतृत्व में सभी थोक व फुटकर व्यापारियों ने गुरुवार को एसडीएम दिशा श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपकर स्थायी मंडी बनने तक वर्तमान स्थान पर दुकान लगाने की अनुमति मांगी थी। एसडीएम ने उनकी समस्या सुनने के बाद यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।यह मामला रविवार को गांधी चौक से सरकारी अस्पताल के बीच लगे भीषण जाम से जुड़ा है। इस जाम में एक एंबुलेंस फंस गई थी, जिससे मरीज के परिजनों को काफी परेशानी हुई। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद, प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नगर पंचायत के माध्यम से सब्जी विक्रेताओं को उस स्थान पर दुकान लगाने से प्रतिबंधित कर दिया था। इसके विरोध में सब्जी व्यापारियों ने अनिश्चितकालीन सब्जी मंडी बंद करने का निर्णय लिया था।
इस दौरान सीओ मनोज कुमार, नायब तहसीलदार, ईओ महेंद्र कुमार पांडेय, एसएसआई धर्मेन्द्र कुमार मिश्र, रजनीश मिश्र, अंजनी व थोक विक्रेताओं में संपूर्णानंद गुप्ता, त्रिवेणी गुप्ता, विनोद ठठेरा और शंभुदयाल गुप्ता सहित कई व्यापारी एसडीएम दिशा श्रीवास्तव से मिले। उन्होंने अपनी समस्याओं को विस्तार से बताया और व्यापारियों के पक्ष में अपनी बात रखी। व्यापारियों की समस्याओं को सुनने के बाद, एसडीएम दिशा श्रीवास्तव ने सलेमपुर के ईओ को निर्देश जारी किए। इन निर्देशों के तहत, सुबह 7 बजे तक ही सब्जियों को लाने वाले वाहनों को प्रवेश की अनुमति होगी। थोक दुकानें सड़क के किनारे लग सकेंगी, लेकिन यह सुनिश्चित करना होगा कि वे यातायात बाधित न करें। फुटकर दुकानें अनिवार्य रूप से मंडी के अंदर ही लगाई जाएंगी।
एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि कोई भी व्यापारी इन नियमों का उल्लंघन करता है, तो प्रशासन उचित और सख्त कार्रवाई करेगा। यह निर्णय थोक व्यापारियों को फिलहाल अस्थाई राहत देता है, साथ ही यह भी सुनिश्चित करता है कि जनहित में यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।
ज्ञापन सौंपने वाले थोक विक्रेताओं में विजय गुप्ता, विंध्याचल गुप्ता, जयप्रकाश, शहीद, अजीत, मकदूम तथा फुटकर विक्रेताओं में शेर मुहम्मद, जुम्मदिन, शमशेर , नागा, जूमराती, इसरफील, धर्मेंद्र, संजय, हरि, गजाधर, कन्हैया, फिरोज, भुवर, गणेश, कमलेश, घूरा व दिनेश आदि शामिल थे।



